आसमान से बरस रही आग, लोगों का घरों से निकलना हुआ कठिन

इस समय शरीर को झुलसा देने वाली धूप हो रही है। गर्मी इतनी है कि लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 May 2019 01:24 PM (IST) Updated:Tue, 28 May 2019 06:25 AM (IST)
आसमान से बरस रही आग, लोगों का घरों से निकलना हुआ कठिन
आसमान से बरस रही आग, लोगों का घरों से निकलना हुआ कठिन

गोरखपुर, जेएनएन। उधर लोकसभा चुनाव के परिणाम से सियासी पारा आसमान पर है तो इधर नमी का साथ पाकर गर्मी भी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। अगर आंकड़ों की बात करें तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन आ‌र्द्रता का साथ पाकर इस तापमान पर ही लोगों को आसमान से आग बरसता महसूस हुआ। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो यह सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा।

सुबह छह बजे ही धूप के रुख ने इस बात का अहसास करा दिया था कि लोगों पर गर्मी भारी पड़ने वाली है। 10 बजते-बजते धूप की चुभन इस तरह बढ़ी कि लगा दोपहर के 12 बज गए हैं। दरअसल यह चुभन उन पुरवा हवाओं की देन थी, जो धूप का साथ दे रही थीं। नमी पाकर धूप की ताकत बढ़ गई और उसने शहर का हीट इंडेक्स बढ़ा दिया, जो तापमान के आंकड़ों से अधिक की गर्मी के अहसास की वजह बनी। दोपहर बाद पछुआ हवाओं ने भी गर्मी का पूरा साथ दिया, जिसका नतीजा न्यूनतम तापमान के आंकड़े में देखने को मिला। शुक्रवार का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जिसकी वजह से दिन के बाद रात में भी भीषण गर्मी बरकरार रही। पुरवा हवाओं ने आ‌र्द्रता के प्रतिशत को बढ़ा दिया। 31 से 72 प्रतिशत के बीच आ‌र्द्रता रिकार्ड की गई। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि मध्य पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर बना चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र इस भीषण गर्मी की वजह है। आंकड़ों से ज्यादा गर्मी के अहसास का कारण सुबह से दोपहर तक बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आ रही पुरवा हवाएं हैं। मौसम का यह रुख फिलहाल बरकरार रहेगा।

शरीर को झुलसा देने वाली धूप के कारण आम आदमी परेशान है। लोगों का घरों से निकलना भी कठिन हो गया है। घरों में लगे पंखे गर्म हवा दे रहे हैं। लोगों की समझ में नहीं आ रहा है कि गर्मी से बचने के लिए कौन से उपाय किए जाएं। बहरहाल, यह धूप अभी जारी रहेगी। इसमें लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।

chat bot
आपका साथी