हर रोज दर्द दे रहा मझौली-भाटपाररानी मार्ग

यह सड़क भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र और सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने का कार्य करती है। इसी मार्ग से लोग भवानी छापर प्रतापपुर के लिए निकलते हैं ट्रकों से लेकर छोटे-बड़े वाहनों का प्रतिदिन सड़क पर आना जाना लगा रहता है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Sep 2020 06:33 AM (IST) Updated:Sat, 19 Sep 2020 06:33 AM (IST)
हर रोज दर्द दे रहा मझौली-भाटपाररानी मार्ग
हर रोज दर्द दे रहा मझौली-भाटपाररानी मार्ग

देवरिया: जिले में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा हवा-हवाई साबित हो रहा है। कई ऐसी सड़कें हैं, जो राहगीरों को आज भी दर्द दे रही हैं। यह सड़क भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में जाने के लिए सबसे प्रमुख सड़क है। हर रोज हजारों की संख्या में इस मार्ग से लोगों का आना जाना होता है।

सड़क में जगह-जगह गड्ढे बने हैं, सड़क उजड़ गई है, गिट्टियां बिखरी हुई हैं, सड़क पर गड्ढों में जल भराव है। आए दिन राहगीर सड़क पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। सपा विधायक आशुतोष उपाध्याय इस सड़क के निर्माण के लिए सदन में सवाल उठाए थे, बावजूद इसके सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी।

दो वर्ष से परेशानी झेल रहे क्षेत्र के लोग

यह सड़क भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र और सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने का कार्य करती है। इसी मार्ग से लोग भवानी छापर, प्रतापपुर के लिए निकलते हैं, ट्रकों से लेकर छोटे-बड़े वाहनों का प्रतिदिन सड़क पर आना जाना लगा रहता है। यह सड़क काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है लेकिन इस तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।

कई बार इस सड़क को बनाने के लिए हो चुका है आंदोलन

सड़क निर्माण के लिए कई बार आंदोलन भी हो चुका है लेकिन न तो इस तरफ प्रशासन का ध्यान जा रहा है और ना ही जनप्रतिनिधियों का। सर्वाधिक परेशानी टूटी हुई सड़क पर बरसात में होती है। सड़क पर चलना काफी मुश्किल हो जाता है, इस सड़क की गिट्टियां बिखर गई हैं। छत्रपुरा, मल्हना, छोटकागाव समेत कई गांव के सामने सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है।

सड़क की दूरी तय करने में लोगों का छूट जाता है पसीना

दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। सलेमपुर से भाटपाररानी आने में एक घंटा का समय खर्च करना पड़ता है, जबकि सड़क ठीक रहने पर 20 मिनट का ही समय लगता है। सलेमपुर और भाटपाररानी के बीच चलने वाले टेंपो व अन्य गाड़ियां फुलवरिया होकर जाती हैं। इससे यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ता है। इतना ही नहीं सलेमपुर व देवरिया के प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी भाटपाररानी तहसील जाने के लिए इसी मार्ग से जाते हैं। इससे उन्हें भी असुविधा होती है।

सड़क निर्माण के लिए डीएम से मिले विधायक

इस सड़क के निर्माण के लिए भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक आशुतोष उपाध्याय बबलू जिलाधिकारी से मिले और क्षेत्र की समस्याओं के बारे में उन्हें जानकारी दी। कहा कि मैं इस सड़क निर्माण व मरम्मत के लिए सदन में भी सवाल उठा चुका हूं। बावजूद इसके सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। यह आम जनता के साथ अन्याय है। इस सरकार का जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए।

डीएम ने विधायक को दिया आश्वासन

जिलाधिकारी अमित किशोर ने विधायक को सड़क की मरम्मत व निर्माण कार्य नियमानुसार कराने का आश्वासन दिया। कहा कि प्रशासन जनता की समस्या को लेकर गंभीर और तत्पर है। इस सड़क की मरम्मत व निर्माण से संबंधित कार्य को बहुत जल्द कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी