फ‍िर शुरू हुआ रसोई गैस का संकट, बुकिंग के 15 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

गोरखपुर में रसोई गैस का संकट फिर बढऩे लगा है। कई एजेंसियों पर बैकलॉग 15 दिन तक पहुंच गया है। उपभोक्ता फिर एजेंसी के गोदाम और आफिस का चक्कर काटने लगे हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 23 Apr 2019 10:38 AM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 09:45 AM (IST)
फ‍िर शुरू हुआ रसोई गैस का संकट, बुकिंग के 15 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
फ‍िर शुरू हुआ रसोई गैस का संकट, बुकिंग के 15 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

गोरखपुर, दुर्गेश त्रिपाठी। गोरखपुर में रसोई गैस का संकट फिर बढऩे लगा है। कई एजेंसियों पर बैकलॉग 15 दिन तक पहुंच गया है। उपभोक्ता फिर एजेंसी के गोदाम और आफिस का चक्कर काटने लगे हैं। हालांकि अफसरों का दावा है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन समय से सिलेंडर न मिलने से लोग परेशान हैं।

गर्मी में रसोई गैस की खपत कम हो जाती है। ठंड में भोजन गर्म करने पर वह पहले नॉर्मल तापमान पर आता है और फिर गर्म होता है, लेकिन गर्मी के महीने में तापमान ठीक-ठाक होने के कारण कोई पदार्थ तेजी से गर्म हो जाता है। इसके बाद भी सिलेंडर की कमी से सभी परेशान हैं।

केस एक

इंजीनियरिंग कॉलेज के भैरोपुर की जोखना देवी का इंडियन आयल की एजेंसी से कनेक्शन है। जोखना देवी के बेटे ने पांच अप्रैल को रसोई गैस के लिए बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है।

केस दो

घासीकटरा निवासी संजय कुमार का इंडियन आयल की एजेंसी से कनेक्शन है। रसोई गैस सिलेंडर बुक है, लेकिन रोजाना इंतजार करने के बाद भी हॉकर घर नहीं आ रहा है। संजय अब एजेंसी पर जाने की सोच रहे हैं।

दो दिन की हड़ताल से भी परेशानी

लखनऊ स्थित इंडियन आयल के प्लांट में कुछ दिनों पहले मजदूरों ने हड़ताल कर दी थी। इस कारण प्लांट से सिलेंडर निकले ही नहीं। दो दिन में हजारों सिलेंडर बाजार में न आने के कारण समस्या और बढ़ गइ्र्र है।

होली में भी हुई थी कमी

होली में भी रसोई गैस की कमी के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। स्थिति यह थी कि एक महीने पहले की बुकिंग के बाद भी सिलेंडर के लिए धक्के खाने पड़े थे।

150 ट्रक सिलेंडर की जरूरत

गोरखपुर-बस्ती मंडल में इंडियन आयल के रोजाना तकरीबन 150 ट्रक सिलेंडर (एक ट्रक में तीन सौ सिलेंडर होते हैं) की जरूरत होती है। वर्तमान में 125 के आसपास ट्रक सिलेंडर ही मिल पा रहे हैं।

एचपी में दिक्कत नहीं

भारत पेट्रोलियम में पर्याप्त आपूर्ति मिलने के कारण कोई दिक्कत नहीं है। इसकी वजह दोनों कंपनियों का बाटलिंग प्लांट गोरखपुर क्षेत्र में होना है। इंडियन आयल का बाटलिंग प्लांट शुरू न हो पाने के कारण दिक्कत सिर्फ इसी के उपभोक्ताओं को है।

फोन करें

रसोई गैस से जुड़ी समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 18002333555 पर फोन करें

कंपनी ने कहा, नहीं है गैस की कमी

इंडियन आयल के सीनियर एरिया मैनेजर रमेश कुमार ने बताया कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। यदि कोई समय से आपूर्ति नहीं कर रहा है तो शिकायत की जाए। संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी