Coronavirus Gorakhpur News Updates: गोरखपुर में 20 नए मरीज मिले, 436 हुई संक्रमितों की संख्या

Live Coronavirus Gorakhpur News Updates 5 july 2020 युपी के संतकबीर नगर जिले में एक ही दिन कोरोना के 14 नए केस मिले हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 01:12 PM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 09:21 AM (IST)
Coronavirus Gorakhpur News Updates:  गोरखपुर में 20 नए मरीज मिले, 436 हुई संक्रमितों की संख्या
Coronavirus Gorakhpur News Updates: गोरखपुर में 20 नए मरीज मिले, 436 हुई संक्रमितों की संख्या

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में रविवार को कोरोना संक्रमण के कुल 437 नमूनों की जांच हुई। 417 निगेटिव व 20 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें शहर में रेलवे अस्पताल के पांच, तिवारीपुर, शिवाजी नगर वार्ड के बड़गो रोड, महेवा चुंगी, राजघाट, गीता प्रेस रोड व फातिमा अस्पताल के एक-एक मरीज हैं। इसके अलावा  ग्रामीण क्षेत्रों में गोला के मोरीपुर गोला में दो, धरवहरा गोला, दूरभीत गोला, रानीडीहा, बेलघाट के कुरी बाजार, खजनी के हरदीचक, पिपरौली के खजनी रोड तेनुआ व सहजनवां के बेलवा में एक-एक मरीज मिले हैं। जिले में मरीजों की कुल संख्या 436 हो गई है। 282 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 13 की मौत हो चुकी है। 141 का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि सभी के गांव व मोहल्ले सील कर दिए गए हैं। सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

महराजगंज में SDM भी हुए संक्रमित 

महराजगंज में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। डूडा के कर्मचारी और पुलिस लाइन के एक सिपाही के कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद अब इसका संक्रमण कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों तक पहुंच गया है। रविवार को एसडीएम सदर व कलेक्ट्रेट के चार कर्मियों समेत 10 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इनमें दो स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। इस प्रकार जिले में कुल मरीजों की संख्या 204 हो गई है। इसमें तीन की मौत हो चुकी है। जबकि 149 स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। अब सक्रिय मामले 52 हैं। 

रविवार को उप जिलाधिकारी सदर, जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात चार कर्मचारी, गांगीबाजार व पनियरा में तैनात एक-एक स्वास्थ्य कर्मी, सदर के एक, फरेंदा के एक तथा उदितपुर के एक लोग पाजिटिव पाए गए हैं। फरेंदा की युवती और उदितपुर का युवक दिल्ली से आए थे। उप जिलाधिकारी सदर तथा जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात चार कर्मचारियों के पाजिटिव पाए जाने हड़कंप मच गया है। जो भी इनके संपर्क में आया था। उनकी सूची बनाई जा रही है। प्रशासन की आेर से उन्हें होम क्वारंटाइन के साथ जांच कराने की सलाह दी जा रही है। हालांकि एसडीएम सहित कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों में कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया था। एसडीएम जहां समेकित विद्यालय का निरीक्षण करते रहे और जिला व पुलिस प्रशासन के साथ बैठकों में भी शामिल होते रहे, वहीं कलेक्ट्रेट के कर्मचारी भी साधारण तौर पर अपनी ड्यूटी निभाते रहे। फरियादियों से भी इन लोगों की मुलाकात होती रही। लेकिन रैंडम जांच में इन कर्मचारियों के कोरोना की पुष्टि होने पर संपर्क में आए लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। उधर कलेक्ट्रेट कार्यालय को सैनिटाइज कराया जा रहा है।  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि एसडीएम सहित सभी लोगों को कोविड हास्पिटल पुरैना में भर्ती किया गया है।

कुशीनगर में पुलिस कर्मी समेत आठ और मिले पाॅजिटिव, एक की मौत

कुशीनगर कोरोना के आठ नए केस मिले हैं। अब जनपद में संक्रमितों की संख्या 173 हो गई है। संक्रमितों में नगर के मालवीय नगर सेंट्रल बैंक रोड एक, कप्तानगंज तहसील के पचार में दो, रगड़गंज में एक, बढ़या छापर में एक, फाजिलनगर के मुधरियां में एक व पुलिस लाइन में तैनात दो पुलिस कर्मी शामिल हैं। पिछले हफ्ते गोरखपुर मेडिकल  काॅलेज में भर्ती मधुरिया के एक निजी चिकित्सक की मौत हो गई। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।  कोरोना से अब तक मरने वालों की संख्या पांच पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्त ने बताया कि 98 मरीज स्वस्थ हाे चुके हैं। संक्रमितों को इलाज के लिए लक्ष्मीपुर में बनाए गए (कोविड केयर) अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर सूची बनाई जा रही है।

रविवार को संत कबीरनगर में कोरोना के 14 नए केस मिले हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर अब 285 हो गई है। जनपद के बेलहर ब्लाक में सर्वाधिक छह, सेमरियावां ब्लाक में चार, बघौली व मेंहदावल ब्लाक में दो-दो कुल 14 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन सभी पाॅजिटिव मरीजों को सेंट थामस इंटर कालेज-खलीलाबाद के कोरोना एल वन वार्ड में भर्ती किया जाएगा। अब तक 9,399 स्वाब के सैंपल की जांच कराई गई है। इसमें 7,976 निगेटिव और 285 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक सात लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि कोरोना वार्ड में भर्ती रहे 195 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।

गोरखपुर में 20 संक्रमित

उधर, गोरखपुर में शनिवार को 77 लोगों की जांच हुई, जिसमें 20 संक्रमित मिले। संक्रमित लोगों में आठ लोग शहर के हैं। तीन साल की एक बच्ची भी संक्रमित हुई है। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 416 हो गई है, इनमें 13 की मौत हो चुकी है। जबकि 135 मरीजों का इलाज चल रहा है। कूड़ाघाट के गिरधरगंज के रामा कांप्लेक्स की रहने वाली 70 वर्षीय बुजुर्ग, उनकी 45 वर्ष की बहू और 20 वर्ष की पोती कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। महिला के पति पहले ही संक्रमित हो चुके हैं। शाहपुर के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले एक व्यवसायी परिवार की तीन साल की बच्ची और 13 साल का बच्चा भी पॉजिटिव मिला है। इससे पहले व्यवसायी और उसके दो कर्मचारी पॉजिटिव मिल चुके हैं। ट्रांसपोर्ट नगर के एक निजी अस्पताल में काम करने वाली 20 साल की महिला स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमित मिली है। जबकि हुमायुपुर और बंसतपुर में भी एक-एक मरीज मिला है। बेलीपार के गांव सोकहना में मुंबई से आए 62 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह तीन जून को गांव आए थे। पिपरौली के जुधहापार में दो संक्रमित मिले हैं। कौड़ीराम के महावार गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग, सोखना गांव में 62 वर्षीय बुजुर्ग और जगदीशपुर में 26 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि सभी के मोहल्ले और गांव को सील कराने का निर्देश दिया गया है।

उरुवा में तीन संक्रमित मिले

उरुवा क्षेत्र में तीन कोरोना के मरीज मिले हैं। इनका पूल सैंपलिंग एक को सीएचसी उरुवा से लिया गया गया था। दो पॉजिटिव दिल्ली से आए थे जबकि एक मुंबई से आया था।

एक ही परिवार के तीन और संक्रमित, गांव में दशहत

ब्रह्मपुर के अमडीहा के भैरो पिपरा में एक ही परिवार के तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 29 साल की महिला, 23 साल की युवती और आठ साल का मासूम शामिल है। इसी परिवार की एक महिला की रिपोर्ट दो जुलाई को पॉजिटिव आ चुकी है। सभी मुंबई से आए थे।

chat bot
आपका साथी