Coronavirus Gorakhpur News Updates: बस्ती में पांच और पाॅजिटिव मिले, 169 हुई संक्रमितों की संख्या

Live Coronavirus Gorakhpur News Updates 31 May 2020 गोरखपुर बस्‍ती मंडल की कोरोना वायरस से जुड़ी खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 08:12 AM (IST) Updated:Mon, 01 Jun 2020 09:08 AM (IST)
Coronavirus Gorakhpur News Updates: बस्ती में पांच और पाॅजिटिव मिले, 169 हुई संक्रमितों की संख्या
Coronavirus Gorakhpur News Updates: बस्ती में पांच और पाॅजिटिव मिले, 169 हुई संक्रमितों की संख्या

गोरखपुर, जेएनएन। बस्ती में कोरोना वायरस का कहर जारी है। जनपद में पांच नए पॉजिटिव केस आए हैं। इस प्रकार जिले में कुल संख्या 169 हो गई है। इसमें पांच की मौत हो चुकी है, जबकि 43 ठीक स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 121 हो गई है। इसकी पुष्टि एसीएमओ डा. फखरेयार हुसैन ने की है। उन्होंने बताया कि यह पांचों पॉजिटिव मरीज दिल्ली व मुंबई से आए हैं। इनमें मां बेटी के अलावा तीन पुरुष हैं, जिन्हें पचवस, आइटीआई बस्ती व ओपेक चिकित्सालय कैली में क्वारंटाइन किया गया था। जिले में कंटेनमेंट जोन एक है।

सिद्धार्थनगर में एक साथ मिले सात कोरोना पॉजिटिव

सिद्धार्थनगर में रविवार को 70 लोगों की कोरोना जांच की रिपोर्ट आई। 55 मरीज निगेटिव आए हैं। इनमें पहले से भर्ती आठ मरीज शामिल हैं। सभी को उनके घर भेजा गया है। सभी को दो सप्ताह होम क्वारंटाइन रहने का निर्देश दिया गया है। सात नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी को सीएचसी बर्डपुर में आइसोलेट किया गया।  जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 114 पहुंच गई है। 40 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं। सदर तहसील के नगवा गांव की महिला कोरोना संक्रमित मिली है। उसका पति पहले से पॉजिटिव है। इसे बर्डपुर में भर्ती किया गया था। दोनों कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटे थे। दो मरीज शोहरतगढ़ तहसील से जुड़े गांव भाद मुस्तहकम के हैं। दोनों होम क्वारंटाइन थे। गांव में पहले भी मरीज मिल चुके हैं, गांव को प्रशासन ने पहले ही हाट स्पाट घोषित कर चुका है। सर्वाधिक चार मरीज इटवा तहसील में मिले हैं। इटवा प्रतिनिधि के अनुसार  दो संक्रमित इटवा ब्लाक व एक-एक खुनियांव और भनवापुर ब्लाक के रहने वाले हैं।

बाहर से आए लोग हुए संक्रमित

तीन लोग मुंबई तो एक व्यक्ति हरियाणा से आया था। सभी भिलौरी-भिलौरा स्थित राम अवतार विद्यालय में क्वारंटाइन थे। खुनियांव ब्लाक के गोल्हौरा पाठक निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति मुंबई से 40 लोगों के साथ 17 मई को ट्रक से चला था, 20 लोग बस्ती में उतर गए। जबकि शेष सभी लोग 21 तारीख को अल्फरूक इंटर कालेज में आए। थर्मल स्क्रीनिंग में इसको बुखार आया, जिसके बाद इन्हें राम अवतार में क्वारंटाइन कराया गया। भनवापुर ब्लाक के भरौली गांव निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति मुंबई से 17 को ही ट्रक से आया था। 22 को इटवा पहुंचा, बुखार की वजह से इन्हें भी वहीं क्वारंटाइन कराते हुए उसी दिन जांच के लिए नमूना भेजा गया। इटवा ब्लाक के रेहरा पचपेड़वा निवासी 34 वर्षीय युवक ट्रक से अल्फरूक पहुंचा, जहां थर्मल स्क्रीनिंग में शरीर का तापमान अधिक होने का पता चला। क्वारंटाइन के बाद 23 को सैम्पल जांच के लिए भेजा गया।  भुसेलवा निवासी 24 वर्षीय युवक हरियाणा से बस पर बैठकर यहां आया। जांच में बुखार आने के कारण इन्हें भी वहीं क्वारंटाइन कराते हुए उसी दिन सैंपल भेजा गया। सीएमओ डॉ सीमा राय ने बताया कि निगेटिव मिले आठ मरीज घर भेजे गए हैं। जबकि पॉजिटिव मरीजो को बर्डपुर सीएचसी में आइसोलेट किया गया है। 

गोरखपुर-बस्ती मंडल में एक दिन में 41 नए केस, 580 हुई संक्रमितों की संख्‍या

बीआरडी मेडिकल कालेज से शनिवार को जारी जांच रिपोर्ट में गोरखपुर-बस्ती मंडल में 41 लोग पॉजिटिव पाए गए जबकि 341 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। दोनों मंडलों में संक्रमितों की कुल संख्या 580 पहुंच गई है। शनिवार को सबसे अधिक महराजगंज में 10 व देवरिया में नौ लोग पॉजिटिव पाए गए। उधर बस्ती में कोरोना से मौत की संख्या पांच हो गई है।

इसके अलावा बस्ती में आठ,  गोरखपुर में पांच, कुशीनगर में छह, सिद्धार्थनगर में तीन संक्रमित मिले। बस्ती में 24 मई को रुधौली के पड़रिया गांव निवासी मेवालाल चौधरी (62) की मौत हो गई थी। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह दिल्ली से घर आए थे। इसी के साथ बस्ती में कोरोना से मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। एसीएमओ डा. फखरेयार हुसैन ने इसकी पुष्टि की।

54 की रिपोर्ट निगेटिव, पांच और कोरोना पॉजिटिव

उधर, गाेरखपुर में कोरोना मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। शनिवार को कुल 59 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट आई। इनमें 54 लोग निगेटिव, जबकि पांच लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में तीन बुजुर्ग और दो युवा शामिल हैं। पांच में से चार संक्रमित मुंबई से और एक गाजियाबाद से आए हैं। तीन संक्रमित होम क्वारंटाइन थे, जबकि एक गीडा और एक 100 बेड टीबी अस्पताल में परिवार के साथ क्वारंटाइन है। जिले में कोरोना मरीजों की तादाद बढ़कर 79 पहुंच गई है। बांसगांव के मरवटिया वार्ड नंबर छह निवासी संक्रमित 60 वर्षीय बुजुर्ग गाजियाबाद से 19 मई को बेटे के साथ बाइक से गांव पहुंचे थे। इसी तरह बांसगांव के फुलहर बुजुर्ग निवासी संक्रमित 65 वर्षीय बुजुर्ग मुंबई के भिवंडी से मध्य प्रदेश बॉर्डर तक बस से आए। वहां से 17 मई को प्रदेश सरकार की बस से गांव पहुंचे। बांसगांव के संक्रमित 77 वर्षीय बुजुर्ग भी मुंबई से आए हैं। उरुवा बुजुर्ग के परसा खुर्द का रहने वाला 24 साल का युवक मुंबई से आया था। वहीं पिपराइच के भरपुरवा का रहने वाला 40 साल का युवक अपने तीन बच्चों और पत्नी के साथ मुंबई से आया था।

सीएमओ ने कहा

सीएमओ डॉ.श्रीकांत तिवारी ने पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। हालांकि सभी मरीज पहले से क्वारंटाइन थे, ऐसे में कम्युनिटी संक्रमण का खतरा कम है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में जिले के कोरोना संक्रमित 55 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें रेलवे अस्पताल में 29 और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 26 मरीज भर्ती हैं। अब तक पांच मरीजों की मौत हुई। इलाज के बाद 19 मरीज डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी