Coronavirus Gorakhpur News Updates: गोरखपुर में एक साथ 21 लोग कोरोना की चपेट में, अब तक 397 संक्रमित

Coronavirus Gorakhpur News Updates 3 July 2020 गोरखपुर में रेलवे अस्‍पताल के एक डाक्‍टर समेत 15 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 03 Jul 2020 09:36 AM (IST) Updated:Sat, 04 Jul 2020 08:36 AM (IST)
Coronavirus Gorakhpur News Updates: गोरखपुर में एक साथ 21 लोग कोरोना की चपेट में, अब तक 397 संक्रमित
Coronavirus Gorakhpur News Updates: गोरखपुर में एक साथ 21 लोग कोरोना की चपेट में, अब तक 397 संक्रमित

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के कुल 397 नमूनों की जांच हुई। 376 निगेटिव व 14 शहरियों सहित 21 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। शहर के कूड़ाघाट में एक, मियां बाजार में पांच, सिटी माल के निकट एक, फातिमा हॉस्पिटल में चार, रेलवे चिकित्सालय में एक और राजघाट में एक मरीज मिला है। इसके अलावा खोराबार के बड़गो, बेलघाट के मगराहा, बांसगांव के विशुनपुरा, खजनी के रुद्रपुर व गोला में एक-एक पॉजिटिव मिले हैं।  इस तरह जिले में अब तक कुल संक्रितों की संख्‍या 397 हो गई है। इसमें से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि सभी के गांव व मोहल्ले सील कर दिए गए हैं। सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

देवरिया में कोरोना के नौ नए केस, संक्रमितों की 242 हुई

देवरिया जिले में शुक्रवार को बाबा राघवदास मेडिकल कालेज गोरखपुर से कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट आई। इसमें नौ लोग पॉजिटिव मिले। जनपद में संक्रमितों की कुल संख्या 242 हो गई है। ताजा संक्रमितों में दो ऐसे लोग हैं जो नोएडा से भागकर देवरिया आ गए। काम की तलाश में सलेमपुर क्षेत्र के धोबी गांव निवासी ये दोनो नोएडा गए थे। वहां पर तबीयत खराब होने पर जांच की गई तो रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकला। उसके बाद दोनो वहां से भाग निकले और देवरिया पहुंच गए। नोएडा से सूचना मिलने पर प्रशासन सक्रिय हो गया और उन्हें पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया। 

महराजगंज में सिपाही व अधिवक्ता समेत चार कोरोना पाजिटिव, अब तक 181 संक्रमित

महराजगंज जिले में कोरोना वायरस का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार की देर रात सिपाही व अधिवक्ता समेत चार लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इस प्रकार कोरोना मरीजों की संख्या 181 हो गई हैं। इसमें तीन की मौत हो चुकी है। जबकि 132 स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। अब सक्रिय मामलों की संख्या 46 हो गई है।

कुशीनगर में 12, सिद्धार्थनगर में छह नए केस मिले

कुशीनगर से गोरखपुर मेडिकल काॅलेज भेजे गए नमूनों में शुक्रवार की सुबह 12 की जांच रिपोर्ट मिली। इसमें सभी पाॅजिटिव हैं। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्‍या 155 पहुंच गई है। इसमें एक संक्रमित जिला संयुक्त चिकित्सालय के ब्लड बैंक कर्मी तो दूसरा खड्डा में पुलिस कर्मी है। सीएमओ डाॅ. एनपी गुप्त ने बताया कि संबंधित संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच कर रही है। गांवों को सील कराते हुए सैनिटाइज की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। बताया कि संक्रमितों की संख्या 155 हो गई है। अब तक कुल 81 स्वस्थ हो चुके हैं और चार की मौत हो चुकी है।

चौकीदार समेत बांसी में मिले छह कोरोना पॉजिटिव

सिद्धार्थनगर के बांसी में में कोरोना संक्रमणों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। गुरुवार देर शाम आई रिपोर्ट में बांसी के छह लोग पॉजिटिव मिले हैं। जिसमें खेसरहा थाने पर तैनात एक चैकीदार जहां पॉजिटिव मिला वहीं नगर पालिका बांसी के आर्य नगर वार्ड में एक महिला समेत तीन एवं शंकर नगर व टेकधर नगर वार्ड में एक-एक संक्रमित पाए गए हैं। बीते 27 जून को आर्यनगर वार्ड के कोतवाली रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक के पॉजिटिव मिलने के बाद से अगल बगल लोगों का नमूना भी परीक्षण के लिए भेजा गया था। गुरुवार रात में आयी रिपोर्ट में मेडिकल स्टोर के बगल स्थित एक किराना व्यवसायी की 60 वर्षीय पत्नी व 19 वर्षीय बेटे व इनके बगल स्थित गैस चूल्हे की दुकान करने वाले दुकानदार पॉजिटिव मिले हैं। इसी प्रकार नगर पालिका के टेकधर नगर व शंकर नगर में एक महिला व एक युवक पॉजिटिव पाया गया है।

गोरखपुर में डॉक्टर समेत 15 संक्रमित, संत कबीरनगर में आठ नए केस

गोरखपुर में रेलवे अस्पताल के एक डॉक्टर सहित 15 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें दो गगहा, शहर के जटेपुर के दो, दो रेलवे अस्पताल, सहजनवां के छह, ब्रह्मपुर के एक, कैंपियरगंज के दो लोग शामिल हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 376 हो गई है। 245 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 13 की मौत हो चुकी है। 118 का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि की।

रेलवे के 30 वर्षीय डॉक्टर व 27 वर्षीय एक टीटीई पॉजिटिव मिले हैं। ब्रह्मपुर के अमडीहा ग्राम पंचायत के भैरो पिपरा टोला निवासी 40 वर्षीय महिला पॉजिटिव आई हैं। वह 27 जून को मुंबई से आई थीं। कैंपियरगंज के अलगटपुर निवासी 32 वर्षीय मां व पांच वर्षीय बेटी पॉजिटिव पाई गई हैं। पिता पहले ही संक्रमित मिले थे। यह पूरा परिवार आठ जून को बेंगलुरु से आया था। सहजनवां के कटया निवासी 35 वर्षीय मां, तीन साल का बेटा, आठ साल व 13 साल की बेटी पॉजिटिव पाई गई हैं। यह परिवार 17 जून को नोएडा से आया था। परिवार के मुखिया व उनकी भाई की पत्नी पहले ही पॉजिटिव आ चुकी हैं। सरैया निवासी पूर्व संक्रमित के 23 वर्षीय बेटे व 25 वर्षीय भतीजी में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। गगहा के गोरखपुरवा में 14 वर्षीय युवती व हटवा में 43 वर्षीय महिला पॉजिटिव पाई गई हैं। वहीं शहर के जटेपुर निवासी 31 वर्षीय महिला व 35 वर्षीय व्यक्ति की जांच निजी लैब में हुई है। सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ज्वांइट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधकारी गौरव ङ्क्षसह सोगरवाल ने बताया कि संक्रमितों के इलाके, ढाई सौ मीटर कंटेनमेंट व पांच सौ मीटर बफर जोन घोषित करते हुए उन्हें सील कर दिया गया है। सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।

टीटीई ने बिहार संपर्क क्रांति में की थी ड्यूटी

कौवाबाग रोड नंबर पांच के रहने वाले 27 वर्षीय कोरोना संक्रमित टीटीई ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में ड्यूटी की थी। 26 जून को ड्यूटी से आए थे। तबीयत खराब होने पर खुद ही जांच के लिए रेलवे अस्पताल में नमूना दिया था। इससे पूर्व उनकी मार्च महीने में भी तबीयत खराब हुई थी। उस समय भी बुखार, सर्दी जुकाम के लक्षण थे। उस वक्त कोरोना की जांच नहीं कराई गई थी। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आई, तो उनमें संक्रमण की पुष्टि हुई।

रेलवे अस्पताल की इमरजेंसी व ओपीडी दो दिन के लिए बंद

ललित नारायण मिश्र केंद्रीय रेलवे अस्पताल में एक चिकित्सक के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर हड़कंप मचा है। सतर्कता बरतते हुए अस्पताल प्रबंधन ने दो दिन के लिए इमरजेंसी और ओपीडी सेवा बंद कर दी है। पूरे अस्पताल को सैनिटाइज कराया जा रहा है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार चिकित्सक के संपर्क में आने वाले 19 लोगों को होम क्वारंटाइन करा दिया गया है। रेलकर्मियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए विकल्प के रूप में मुख्यालय परिसर स्थित दक्षिण, यांत्रिक कारखाना और छावनी स्टेशन के अस्पतालों को सक्रिय कर दिया गया है। रेलकर्मी आवश्यकता पडऩे पर इन अस्पतालों में पहुंचकर उपचार करा सकते हैं। दवाइयां भी मिल जाएंगी।

संत कबीरनगर में मिले आठ और नये कोरोना पॉजिटिव केस

संत कबीरनगर में आठ लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर अब 256 हो गई है। जनपद के सांथा ब्लाक में सर्वाधिक तीन, नाथनगर व मेंहदावल में दो-दो तथा खलीलाबाद ब्लाक में एक कुल आठ लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन सभी आठ पाॅजिटिव मरीजों को सेंट थामस इंटर कालेज-खलीलाबाद के कोरोना एल वन वार्ड में भर्ती किया जाएगा। अब तक 8,884 सैंपल की जांच कराई गई है। इसमें 7,623 निगेटिव और 256 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक सात लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि कोरोना वार्ड में भर्ती रहे 184 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।

chat bot
आपका साथी