संचारी रोग के मरीजों की तैयार होगी सूची

आज से चलेगा अभियान मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से डीएम करेंगे शुभारंभ

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 10:00 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 10:00 PM (IST)
संचारी रोग के मरीजों की तैयार होगी सूची
संचारी रोग के मरीजों की तैयार होगी सूची

महराजगंज: संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर नियंत्रण के लिए चलाए जाने वाले अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए एक मार्च से तथा दिमागी बुखार पर नियंत्रण के लिए 10 मार्च से अभियान चलाया जाएगा। अभियान में 11 विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है। अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार सोमवार को जिला अस्पताल से सुबह 10.30 बजे जागरूकता वाहन को रवाना कर करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण माह एक मार्च से 31 मार्च तक तथा 10 से 24 मार्च तक दस्तक पखवाड़ा मनाया जाएगा। दस्तक पखवाड़ा के साथ ही टीबी मरीजों के चिह्नीकरण का भी अभियान चलेगा। इस दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर विभिन्न बिन्दुओं पर ब्योरा एकत्र करेंगी लोगों को जागरूक करेंगी तथा एएनएम के माध्यम से सूचना संबंधित सरकारी अस्पताल पर भेजी जाएंगी। जबकि शिक्षा विभाग स्कूली बच्चों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाएगा। पंचायती राज विभाग गांव-गांव प्रभातफेरी व बैठकों का आयोजन करेगा। साफ-सफाई तथा शौचालयों के प्रयोग पर बल देगा। पशुपालन विभाग सुअर पालकों को सफाई के प्रति जागरूक करेगा तथा आबादी से दूर सुअरबाड़ा बनवाने के लिए प्रेरित करेगा। जल निगम विभाग शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगा। खराब इंडिया मार्का हैंडपंप ठीक कराएगा, चबूतरे का निर्माण कराएगा।

वेक्टर बार्न डिजीज (वीबीडी) के नोडल अधिकारी व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राकेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान शारीरिक दूरी, हाथों की धुलाई, मॉस्क की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय, लक्षण एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएंगी। अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य

- गांवों में लोगों को जागरूक करना।

- बुखार के रोगियों की सूची तैयार करना।

- क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची तैयार करना।

- जन्म-मृत्यु पंजीकरण की सूची तैयार करना।

- दिमागी बुखार के कारण दिव्यांग हुए व्यक्तियों की सूची तैयार करना। इन विभागों के समन्वय से चलेगा अभियान

महराजगंज: चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना विभाग तथा उद्यान विभाग।

chat bot
आपका साथी