गोरखपुर में 120 फीसद हुआ कोविड टीकाकरण, सरकारी अस्‍पतालों में मुफ्त में लगा टीका Gorakhpur News

तीसरे चरण का कोविड टीकाकरण सोमवार को शुरू हो गया। प्रथम दिन बहुत कम संख्या में लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। तीन बूथों पर सौ-सौ लोगों को बुलाया गया था। लक्ष्य के सापेक्ष 120.3 फीसद टीकाकरण हुआ है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 08:02 AM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 01:51 PM (IST)
गोरखपुर में 120 फीसद हुआ कोविड टीकाकरण, सरकारी अस्‍पतालों में मुफ्त में लगा टीका Gorakhpur News
गोरखपुर में कोरोना का टीका लगवाती महिला। - जागरण

गोरखपुर, जेएनएन। आम जन के लिए तीसरे चरण का कोविड टीकाकरण सोमवार को शुरू हो गया। प्रथम दिन बहुत कम संख्या में लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। तीन बूथों पर सौ-सौ लोगों को बुलाया गया था। लक्ष्य के सापेक्ष 120.3 फीसद टीकाकरण हुआ है। यह अब तक का सबसे बड़ा फीसद है। कुल 361 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। इनमें 232 पुरुष व 129 महिलाएं थीं। जिला अस्पताल व बाबा राघव दास मेडिकल कालेज के अलावा एक निजी अस्पताल शाही ग्लोबल हास्पिटल में बूथ बनाया गया था। 

सरकारी अस्पतालों में निश्शुल्क हुआ टीकाकरण

सरकारी अस्पतालों में निश्शुल्क व निजी अस्पताल में लोगों ने ढाई सौ रुपये शुल्क देकर टीकाकरण कराया। सुबह 9:30 बजे से ही टीकाकरण शुरू हो गया था। सभी बूथों पर सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम थे। वैक्सीन के साथ ही इमरजेंसी दवाओं की किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थी। किसी की तबीयत खराब होने की सूचना नहीं है। जिले में पहली बार आम जन को टीका लगाया गया। 60 वर्ष से अधिक व 45 से 59 वर्ष के बीच के बीमार लोगों का टीकाकरण किया गया। आधार कार्ड देखकर लोगों को टीका लगाया जा रहा था। बीमार लोगों से डाक्टर के पर्चे की भी मांग की जा रही थी। 50 से अधिक लोग दैनिक जागरण में खबर पढ़कर टीका लगवाने चले गए थे, उन्हें भी टीका लगाया गया।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण

जिला अस्पताल व शाही ग्लोबल हास्पिटल का सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नीरज कुमार पांडेय ने निरीक्षण किया। प्रोटोकाल का पालन करते हुए टीका लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। 40 हजार से अधिक लोगों को अब जिले में टीका लग चुका है। किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई। इसलिए अपना नंबर आने पर सभी लोग टीका जरूर लगवाएं।

टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है। यह हमें कोरोना रूपी महामारी से बचाएगा। सरकार ने पूरी तरह ट्रायल करने के बाद इसे लांच किया है। सभी को लगवाना चाहिए। - सीताराम जायसवाल, महापौर

मैंने उत्साह पूर्वक टीका लगवाया है। 30 मिनट आब्जर्वेशन कक्ष में बैठा रहा। मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई। कक्ष में बैठे सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ थे। बातचीत करते रहे। -डा. प्रमोद शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ

यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और असरदार है। सभी को इसे लगवाना चाहिए। इससे कोविड की रोकथाम में मदद मिलेगी। टीका लगवाने के बाद मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई। - डा. प्रनब कुमार बसु

मैंने दैनिक जागरण में सुबह ही पढ़ लिया था कि आज आम जन को टीका लगेगा। इसलिए सुबह ही आ गया। रजिस्ट्रेशन कराने के बाद मुझे टीका लगाया गया। कोई दिक्कत नहीं हुई। - जय नारायण शुक्ल, मझगांवा

दैनिक जागरण में छपा था कि 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को आज टीका लगाया जाएगा। मेरी उम्र 71 साल है। गोरखपुर आया था। टीका लगवाने जिला अस्पताल चला आया। - हरि प्रसाद पांडेय, संतकबीर नगर

तीनों बूथों पर सुचारु रूप से टीकाकरण हुआ है। टीका लगवाने के बाद लोगों को 30 मिनट आब्जर्वेशन कक्ष में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है। किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई। - डा. सुधाकर पांडेय, सीएमओ

सौ लोगों को टीका लगाया गया है। पांच वायल वैक्सीन दोपहर तक खत्म हो गई थी। दोबारा पांच वायल मंगाई गई। एक वायल में 10 डोज होती हैं। मानकों के अनुसार टीकाकरण हुआ है। - डा. शिवशंकर शाही, निदेशक, शाही ग्लोबल हास्पिटल

अब तक का टीकाकरण फीसद

01 मार्च- 120.3

26 फरवरी - 104.3

25 फरवरी - 93.5

19 फरवरी - 100.47

18 फरवरी - 90

15 फरवरी - 38.7

12 फरवरी - 42.4

11 फरवरी -40.3

5 फरवरी - 70.7

4 फरवरी - 70

29 जनवरी - 82.4

28 जनवरी - 77.3

22 जनवरी - 70.83

16 जनवरी - 51

chat bot
आपका साथी