कुशीनगर में मामूली व‍िवाद में कुल्हाड़ी से गला काटकर पत्नी को मार डाला

कुशीनगर में मामूली विवाद को लेकर एक व्‍यक्ति ने कुल्हाड़ी से गला काटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। एएसपी एपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। मृतका के दोनों बच्चे दादी के पास सोए थे।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 01:26 PM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 01:26 PM (IST)
कुशीनगर में मामूली व‍िवाद में कुल्हाड़ी से गला काटकर पत्नी को मार डाला
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुल‍िस की टीम। - जागरण

कुशीनगर, जागरण संवाददाता। मामूली कहासुनी व विवाद को लेकर रामकोला थाने के गांव देवरिया बाबू में गुरुवार की रात पति ने कुल्हाड़ी से गला काटकर पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। सुबह कमरे में बहू की खून से सनी लाश देख सास अवाक रह गईं। घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी एपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। मृतका के दोनों बच्चे दादी के पास सोए थे।

शराब पीने को लेकर हुआ व‍िवाद

गांव का बीरबल राजगीर मिस्त्री का काम करता है। गुरुवार की शाम को वह नशे में घर आया तो तीज व्रत रखी पत्नी शीला ने विरोध किया। दोनों के बीच इसे लेकर कहासुनी हुई। घर का कामकाज कर रात 10 बजे शीला अपने कमरे में सोने चली गई और पति भी उसी कमरे में सोया। दोनों बच्चे 10 वर्षीय खुश्बू व चार वर्षीय विवेक बरामदे में दादी सोमारी के पास सो गए। सुबह शीला को न देख सोमारी जब कमरे में गईं तो बेड के नीचे बहू का खून से सना शव देख हैरान रह गईं। बीरबल गायब था। शोर मचाते हुए वह बाहर भागीं। लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल से पुलिस को खून से सनी कुल्हाड़ी भी मिली।

मौके पर पहुंचे वर‍िष्‍ठ अध‍िकारी

एएसपी, सीओ खड्डा शिवाजी सिंह भी पहुंचे। अफसरों ने मृतका की सास सोमारी तथा ससुर जितई से घटना की जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया कहासुनी को लेकर घटना हत्‍या की बात सामने आ रही है। फरार आरोपित की तलाश में टीमें लगाईं गईं हैं।

15 दिन पूर्व मुंबई से घर आया था बीरबल

गांव के लोगोंं ने बताया कि बीरबल दो माह पूर्व मुंबई गया था। काम ठीक से न चलने पर 15 दिन पूर्व घर आ गया। यहां बराबर नशा करता व ताश खेलता है।

वर्ष 2005 में हुई थी शादी

बीरवल की शादी वर्ष 2005 में रामकोला थाने के ही गांव हरपुर माफी के लाला टोला निवासी व्रजनारायण की बेटी शीला से हुई थी।

एक साल से ठीक नहीं थे पति-पत्नी के रिश्ते

गांव के लोगों ने बताया कि दो साल पूर्व बीरबल मुंबई गया था। एक साल पूर्व वह एक महिला को लेकर घर आया तो पत्नी शीला ने हंगामा खड़ा कर दिया। महिला तीन दिनों तक रही फिर विवाद के चलते वापस मुंबई चली गई। तब से पति-पत्नी के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे।

chat bot
आपका साथी