गोरखपुर में सौ से अधिक फरियादियों से मिले सीएम योगी आदित्यनाथ, सुनी समस्या

गोरखनाथ मंदिर में करीब 45 मिनट के जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 100 लोगों की फरियाद सुनी। इससे पहले मुख्यमंत्री की सोमवार की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Mon, 18 Feb 2019 12:38 PM (IST) Updated:Mon, 18 Feb 2019 12:39 PM (IST)
गोरखपुर में सौ से अधिक फरियादियों से मिले सीएम योगी आदित्यनाथ, सुनी समस्या
गोरखपुर में सौ से अधिक फरियादियों से मिले सीएम योगी आदित्यनाथ, सुनी समस्या

गोरखपुर, जेएनएन। अपनी कर्मस्थली की दो दिनी यात्रा पर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज जनता दरबार लगवाया। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न केवल दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्या सुनी बल्कि समाधान का आश्वासन भी दिया। समस्या समाधान को लेकर अधिकारियों को सतर्कता बरतने का निर्देश भी देते रहे।

गोरखनाथ मंदिर में करीब 45 मिनट के जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 100 लोगों की फरियाद सुनी। इससे पहले मुख्यमंत्री की सोमवार की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। अपने आवास से निकलकर उन्होंने पहले गुरु गोरक्षनाथ और फिर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की। गोशाला में आधा घंटा गुजारने के बाद मुख्यमंत्री फरियादियों की समस्या सुनने के लिए लाल कक्ष में पहुंच गए। उनके वहां पहुंचते ही सुरक्षाकर्मियों ने एक-एक फरियादी को उनके सामने प्रस्तुत करना शुरू किया। बारी-बारी से हर फरियादी ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री से सीधे कही, जिसको उन्होंने पूरी गंभीरता से सुना। कुछ फरियादियों की समस्या का समाधान तत्काल करने का निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिया।

इन सभी समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री अपने बैठक कक्ष में पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ आगंतुकों से मुलाकात की। आगंतुकों में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन और प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह भी शामिल रहे।

सरदार पटेल की स्वचालित प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर से साढ़े निकले और गोलघर के काली मंदिर तिराहे पर पहुंचे। वहां उन्होंने सरदार बल्लभ भाई पटेल की स्वचालित प्रतिमा का लोकार्पण किया और उसके बाद काली मंदिर में जाकर मां काली का दर्शन किया। यहां लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री महज पांच मिनट रहे। इस दौरान नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, महापौर सीताराम जायसवाल, पार्षद अजय राय, मनु जायसवाल व ब्रजेश सिंह छोटू के अलावा शहर के कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतिमा लोकार्पण के बाद योगी देवरिया के लिए रवाना हो गए, जहां वह पुलवामा में शहीद हुए जवान विजय कुमार मौर्य के परिजनों को ढांढस बधाने जाएंगे। शहीद के परिजनों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री शहीद बंधु सिंह डिग्री कॉलेज जाएंगे। जहां वह भवन के साथ अमर शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद वह 12:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। 

chat bot
आपका साथी