Gorakhpur Weather News: आज हो सकती है बार‍िश, उमस से म‍िलेगी राहत

Gorakhpurweatherforecast शुक्रवार रात जिले में 58 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश के चलते न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान में करीब ढाई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। रविवार को जिले में पचास फीसद स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 22 Aug 2021 11:31 AM (IST) Updated:Sun, 22 Aug 2021 11:31 AM (IST)
Gorakhpur Weather News: आज हो सकती है बार‍िश, उमस से म‍िलेगी राहत
गोरखपुर में रव‍िवार को बार‍िश की संभावना बन रही है। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। मौसम विभाग ने रविवार के लिए पूर्वानुमान जताया है कि जिले में पचास फीसद स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। हवा अधिकतम 5 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकता है। वातावरण में 75 से 95 फीसद नमी रह सकती है।

माैसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने बताया कि शुक्रवार रात जिले में 58 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश के चलते न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान में करीब ढाई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। आर्द्रता 74 से 95 फीसद रही। पुरुवा हवा अधिकतम 14 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से चली। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति रहने वाली है। बंगाल की खाड़ी में बंचक्रवाती हवा का एक क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते गोरखपुर व उसके आस-पास के जिलों में वायु मंडलीय परिस्थितियां बनी हुई हैं। आसमान में बादल छाए हुए हैं। इसके चलते जिले में बारिश हो रही है। रुक-रुककर बारिश का यह सिलसिला आगामी 24 अगस्त तक जारी रहेगा। बारिश के कारण जिले का अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। बता दें पिछले कई दिनों से लोग उमस के चलते परेशान थे। बारिश के चलते लोगों को उमस से राहत मिली है। शनिवार को भी मौसम औसत की अपेक्षा ठंडा रहा। दिन का अधिकतम औसत से करीब तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।

मूसलधार बारिश से शहर में हुआ जलभराव

गोरखपुर में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक हुई मूसलधार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सिंघडिय़ा के वसुंधरानगर, कमलेशपुरम आदि कालोनियों में घरों में पानी घुसने के बाद नागरिकों को बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा। मेडिकल कालेज रोड के किनारे की कालोनियों, बडग़ो, सेंदुली-बेंदुली, कजाकपुर आदि कालोनियों में जलभराव के बीच रक्षाबंधन पर्व की तैयारियों पर भी असर पड़ा।

दाउदपुर में नगर विधायक के आवास के पास सड़क पर दोपहर बाद तक पानी जमा रहा। सबसे बुरा हाल सिंघडिय़ा क्षेत्र का है। वाहन एजेंसी के पास नाला खोदाई के कारण ज्यादातर इलाकों का पानी निकल गया था लेकिन रात में हुई बारिश के बाद पूरे इलाके में फिर जलभराव हो गया है।

जलभराव के बीच जाएंगे राखी बंधवाने

शहर की एक दर्जन से ज्यादा कालोनियों में जलभराव है। रविवार को रक्षाबंधन पर्व पर इन कालोनियों में रहने वाले लोगों को राखी बंधवाने पानी से होकर जाना पड़ेगा। घर आने वाले भाई या बहन को भी जलभराव से होते हुए गुजरना पड़ेगा।

नगर आयुक्त ने किया रेग्युलेटरों का निरीक्षण

बारिश के बाद शनिवार सुबह नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने रेग्युलेटरों का निरीक्षण किया। इलाहीबाग बांध के रेग्युलेटर बंद कराने के साथ ही उन्होंने पंप लगातार चलाने के निर्देश दिए। बांध के आसपास गंदगी देख नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सुपरवाइजर को तत्काल कूड़ा उठाने के निर्देश दिए।

इस दौरान महाप्रबंधक जलकल एसपी श्रीवास्तव, प्रभारी अपर नगर आयुक्त संजय शुक्ल, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, प्रवर्तन बल के प्रभारी कर्नल सीपी सिंह, अनिल श्रीवास्तव, संजय वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी, कनिष्ठ प्रभारी स्वास्थ्य अखिलेश श्रीवास्तव, रामविजय पाल, बृजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।

लालडिग्गी पार्क के पास हुई सफाई

मुख्यमंत्री के निरीक्षण कार्यक्रम को देखते हुए नगर आयुक्त ने लालडिग्गी पार्क के पास बने बाल विहार विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे इलाके को सोडियम हाइपोक्लोराइट के घोल से सैनिटाइज कराने के साथ ही चूना छिड़कने व फागिंग कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि गुरु श्री गोरक्षनाथ आयुर्विज्ञान संस्थान में रामनरेश नागवंशी के निर्देशन में सफाई कार्य कराया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी