पोर्टल पर टीका लगाने की दी जाने लगी जानकारी, बुकिंग के बारे में चल रहा पता Gorakhpur News

कोरोना से बचाव का टीका लगवाने वालों को अब दूसरी डोज की तिथि की जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। पोर्टल पर रोजाना घटते क्रम में यह भी बताया जा रहा है कि दूसरी डोज लगवाने में अब कितने दिन बचे हैं।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 23 May 2021 05:01 PM (IST) Updated:Sun, 23 May 2021 05:01 PM (IST)
पोर्टल पर टीका लगाने की दी जाने लगी जानकारी, बुकिंग के बारे में चल रहा पता  Gorakhpur News
टीका लगाने की जानकारी दी जाने लगी पोर्टल पर। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन : कोरोना से बचाव का टीका लगवाने वालों को अब दूसरी डोज की तिथि की जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। कोविन पोर्टल पर ही दूसरी डोज की जानकारी दी जाने लगी है। साथ ही पोर्टल पर रोजाना घटते क्रम में यह भी बताया जा रहा है कि दूसरी डोज लगवाने में अब कितने दिन बचे हैं। इस व्यवस्था से पहली डोज लगवाने वालों को काफी सहूलियत मिल रही है।

पहले 28 दिन के अंतराल पर दी जाती थी डोज

16 जनवरी को टीकाकरण की शुरुआत हुई तो पहले कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों की डोज 28 दिन के अंतराल पर दी जा रही थी। इसके बाद कोवैक्सीन की डोज का समय 28 दिन ही रहा, लेकिन कोविशील्ड की दूसरी डोज के लिए छह से आठ सप्ताह की अंतराल तय कर दिया गया। इस महीने केंद्र सरकार ने विशेषज्ञ समिति की राय पर कोविशील्ड का दूसरा डोज 12 से 16 सप्ताह यानी 84 से 112 दिन के बीच लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद दूसरी डोज लगवाने की तिथि को लेकर असमंजस का माहौल बन गया। शुरुआत में टीके की दूसरी डोज लगवाने जाने वालों की बूथों पर नोकझोंक भी होती रही। वजह थी कि टीकाकरण कार्ड में उन्हें छह से आठ सप्ताह के बीच टीका लगवाने की तिथि दी गई थी। लगातार हो रही दिक्कत के बाद कोविन पोर्टल पर ही दूसरी डोज के लिए समय सीमा तय कर दी गई।

दूसरी डोज की भी मिल रही जानकारी

कोविन पोर्टल पर अब दूसरी डोज की बुकिंग की भी जानकारी मिल जा रही है। जिन बूथों पर नागरिकों ने दूसरी डोज के लिए आनलाइन आवेदन किया है, उनकी पूरी संख्या दिख रही है। इससे दूसरी डोज की उपलब्धता के बारे में पता चल जा रहा है।

पोर्टल पर दी जाने लगी है दूसरे डोज की जानकारी

सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने कहा कि कोविन पोर्टल पर ही दूसरी डोज के लिए जानकारी दी जाने लगी है। साथ ही रोजाना घटते क्रम में पोर्टल पर सूचना दर्ज हो जा रही है। इससे लोगों को पता चल जा रहा है कि दूसरी डोज लगवाने में अब कितने दिन बचे हैं। 

chat bot
आपका साथी