गोरखपुर की 300 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा उद्योग विभाग, दिया जाएगा प्रशिक्षण

ओडीओपी के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम शुरू की जा रही है। जिला उद्योग केंद्र की ओर से जिले की करीब 300 महिलाओं का चयन किया गया है। करीब 10 स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें 10 दिनों तक रेडीमेड गारमेंट तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 03:49 PM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 03:50 PM (IST)
गोरखपुर की 300 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा उद्योग विभाग, दिया जाएगा प्रशिक्षण
महिलाओं को रेडीमेड गारमेंट तैयार करने का दिया जाएगा प्रशिक्षण। प्रतीकात्मक तस्वीर

गोरखपुर, उमेश पाठक : एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम शुरू की जा रही है। जिला उद्योग केंद्र की ओर से जिले की करीब 300 महिलाओं का चयन किया गया है। करीब 10 स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें 10 दिनों तक रेडीमेड गारमेंट तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया है। अब मोटराइज्ड सिलाई मशीन, धागा, प्रेस सहित पूरी किट उपलब्ध कराने की तैयारी है। निश्शुल्क किट मिलने के बाद महिलाएं अपने घर पर ही रेडीमेड गारमेंट का उत्पादन कर सकेंगी और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उनके द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार मिल सकेगा।

ओडीओपी योजना से जोड़ा जा रहा है महिलाओं को

मिशन शक्ति के अंतर्गत ओडीओपी योजना से महिलाओं को जोड़ा जा रहा है। गोरखपुर में रेडीमेड गारमेंट ओडीओपी योजना के तहत चयनित किया गया दूसरा उत्पाद है। जिले को इस उत्पाद का हब बनाने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को जोड़ा गया है। सहकारिता भारती के जरिए करीब 54 महिलाएं इस मुहिम से जोड़ी गई हैं। इस समूह का नेतृत्व कर रहीं मीनाक्षी राय का कहना है कि समूह के जरिए भी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया था। उद्योग विभाग ने भी 10 दिनों का प्रशिक्षण प्रदान किया है। महिलाएं बेहतर उत्पाद बनाने के लिए तैयार हैं। उद्योग विभाग की ओर से निश्शुल्क टूल किट उपलब्ध कराने को कहा गया है।

शासन को भेजा गया प्रस्ताव

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 300 महिलाओं को टूल किट उपलब्ध कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही सभी महिलाओं को टूल किट मिल जाएगा। घर बैठकर ही महिलाएं उत्पाद तैयार कर सकेंगी। भविष्य में और भी महिलाओं को इस योजना से जोड़ने की तैयारी है। जिन महिलाओं का चयन किया गया है, उनमें से कुछ महिलाओं ने कोरोना काल के दौरान मास्क, हेड कवर आदि तैयार कर विपरीत परिस्थितियों में अपने परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया था। जरूरत पड़ने पर महिलाओं को ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा।

रेडीमेड गारमेंट तैयार करने का दिया जा रहा प्रशिक्षण

उपायुक्त उद्योग रवि कुमार शर्मा ने कहा कि जिले में 300 महिलाओं को चयनित कर उन्हें ओडीओपी के तहत रेडीमेड गारमेंट तैयार करने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। सभी को निश्शुल्क टूल किट प्रदान की जाएगी। इसके बाद महिलाएं अपने घर पर ही उत्पाद तैयार कर सकेंगी और उद्यमी के रूप में स्थापित हो सकेंगी। स्वयं सहायता समूहों के जरिए बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग भी इस कार्य में सहयोग प्रदान करेगा।

chat bot
आपका साथी