Gorakhpur Airport: तकनीकी खामी के कारण गोरखपुर से मुंबई नहीं गया इंडिगो का विमान
इंडिगो का विमान तकनीकी खराबी के कारण गोरखपुर से मुंबई नहीं जापाया। गड़बड़ी ठीक न हो पाने पर यात्रियों को हैदराबाद व कोलकाता की कनेक्टिंग फ्लाइट से मुंबई भेजा गया। दिल्ली से पार्ट आने के गोरखपुर एयरपोर्ट पर खड़े विमान का शुक्रवार को मरम्मत कराया जाएगा।
गोरखपुर, जेएनएन। तकनीकी खामी की चलते इंडिगो का विमान गुरुवार को मुंबई नहीं गया। गड़बड़ी ठीक न हो पाने पर यात्रियों को हैदराबाद व कोलकाता की कनेक्टिंग फ्लाइट से मुंबई भेजा गया। दिल्ली से पार्ट आने के गोरखपुर एयरपोर्ट पर खड़े विमान का शुक्रवार को मरम्मत कराया जाएगा। जिसके बाद यात्री इससे मुंबई जाएंगे।
हैदराबाद व कोलकाता की फ्लाइट से भेजे गए यात्री
मुंबई से 180 यात्रियों को लेकर इंडिगो का विमान गुरुवार की सुबह 11.30 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचा। गोरखपुर से मुंबई जाने वाले 101 यात्री विमान में बैठ गए। उड़ान भरने से पहले इंजीनियर ने जांच शुरू की तो इंजन में तकनीकी गड़बड़ी होने की जानकारी हुई। एक घंटे तक उन्होंने गड़बड़ी को ठीक करने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद यात्रियों को गड़बड़ी की जानकारी देते हुए नीचे उतारा गया। सुविधा के अनुसार 90 लोगों को गोरखपुर से हैदराबाद व कोलकाता जाने वाली फ्लाइट के जरिए मुंबई भेजा गया। शेष लोग इंडिगो के विमान से शुक्रवार को मुंबई जाएंगे। एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई ने बताया कि कोलकाता व हैदराबाद से मुंबई जाने वाली कनेक्टिंग फ्रलाइट से यात्रियों भेजा गया। विमानन कंपनी की ओर से उन्हें लंच पैकेट भी उपलब्ध कराया गया।
लोक गायिका ने एयरपोर्ट की व्यवस्था को सराहा
लोक गायिका मालिनी अवस्थी गुरुवार की सुबह दिल्ली से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट से गोरखपुर पहुंची। करीब 20 मिनट तक वह गोरखपुर एयरपोर्ट पर रहीं। यात्री सुविधा को लेकर किए गए इंतजाम की उन्होंने सराहना की। लोकगायिका ने कहा कि गोरखपुर एयरपोर्ट पर कम जगह में बेहतर इंतजाम हैं। ऐसी व्यवस्था पूरे देश में कहीं और नहीं मिलेगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने लोक गायिका के वीडियो को ट्वीट किया है।