संतकबीर नगर में थानाध्यक्ष ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष व उनके भाई को पीटकर लाकअप में डाला

संतकबीर नगर जिले के धनघटा के थानाध्यक्ष ने भाजपा बूथ अध्यक्ष और उनके बड़े भाई को पीटकर लाकअप में डाल दिया। इसकी भनक लगने पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष थाने पर पहुंच गए। वह बूथ अध्यक्ष के पक्ष में पैरवी करने लगे और उनकी पिटाई का कारण पूछने लगे।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 02:10 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 02:10 PM (IST)
संतकबीर नगर में थानाध्यक्ष ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष व उनके भाई को पीटकर लाकअप में डाला
धनघटा थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन देते भाजपाई। जागरण

गोरखपुर, जेएनएन : संतकबीर नगर जिले के धनघटा के थानाध्यक्ष ने भाजपा बूथ अध्यक्ष और उनके बड़े भाई को पीटकर लाकअप में डाल दिया। इसकी भनक लगने पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष थाने पर पहुंच गए। वह बूथ अध्यक्ष के पक्ष में पैरवी करने लगे और उनकी पिटाई का कारण पूछने लगे। इस पर थानाध्यक्ष ने कोई उत्तर नहीं दिया। वहीं सूचना पर बूथ अध्यक्ष के गांव लहुरे में पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव को मंडल अध्यक्ष ने ज्ञापन सौंपा। थानाध्यक्ष के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

एक व्‍यक्ति से रंजिश को लेकर गए थे थानाध्‍यक्ष से बात करने

लहुरे गांव के निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष 26 वर्षीय सुधीर कुमार वर्मा व उनके बड़े भाई शैलेंद्र वर्मा बीते रविवार को रात करीब सात बजे थाने पर पहुंचे थे। गांव के एक व्यक्ति से चल रही पुरानी रंजिश को लेकर बूथ अध्यक्ष थानाध्यक्ष से बात कर रहे थे। शिकायतकर्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहे। इस पर थानाध्यक्ष भड़क गए और बूथ अध्यक्ष व उनके बड़े भाई को पीटने के बाद थाने के लाकअप में डाल दिया। जब इसकी जानकारी मंडल अध्यक्ष पीएन सिंह को हुई तो वह थानाध्यक्ष के मोबाइल पर संपर्क करने लगे लेकिन कई बार घंटी बजने के बाद भी इनका फोन नहीं उठा। इस पर वह सुबह करीब आठ बजे थाने पर पहुंचे। वह बूथ अध्यक्ष के पक्ष में पैरवी करते हुए उनकी और उनके बड़े भाई की पिटाई का कारण पूछने लगे। इस पर थानाध्यक्ष ने कोई उत्तर नहीं दिया।

थानाध्‍यक्ष का बर्ताव भाजपाइयों के प्रति अच्‍छा नहीं

भाजपा के हैंसर मंडल अध्यक्ष पीएन सिंह ने कहा कि थानाध्यक्ष का बर्ताव भाजपाइयों के प्रति अच्छा नहीं है। बूथ अध्यक्ष व उनके बड़े भाई की पिटाई करने के बाद लाकअप में डालने की घटना इसका उदाहरण है। भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर यह मांग की गई है कि थानाध्यक्ष को वह तत्काल यहां से हटवाएं। ऐसा नहीं किए जाने पर पदाधिकारी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। जिलाध्यक्ष से कहा गया है कि यदि दो दिन के अंदर थानेदार को नहीं हटाया गया तो पार्टीे के लोग थाने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।

पीटकर लाकअप में डालने की बात गलत

धनघटा के थानाध्यक्ष आरके गौतम ने कहा कि भाजपा नेता अपने भाई के साथ पट्टीदारों से मारपीट की थी। रात में थाने पर दोनों पक्ष को बैठाकर वह समझा रहे थे। गांव में शांति व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए दोनों पक्ष से संयम बरतने की बात कर रहे थे। तभी वह भड़क गए और वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे। उन्हें पीटकर लाकअप में डालने की बात गलत है।

chat bot
आपका साथी