गोरखपुर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रभारियों से कहा, संगठन ने उन्हें बनाया क्षेत्र का सेनापति

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सर्किट हाउस में गोरखपुर महराजगंज कुशीनगर और देवरिया जिले के विधानसभा प्रभारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पहले विधानसभावार पदाधिकारियों का फीडबैक लिया और फिर हौसला बढ़ाते हुए जिम्मेदारी बताई।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 05:31 PM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 05:31 PM (IST)
गोरखपुर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रभारियों से कहा, संगठन ने उन्हें बनाया क्षेत्र का सेनापति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत करते ब्लाक प्रमुख पिपराइच व भाजपा कार्यकर्ता। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : चुनावी तैयारी के क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सर्किट हाउस में गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर और देवरिया जिले के विधानसभा प्रभारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पहले विधानसभावार पदाधिकारियों का फीडबैक लिया और फिर हौसला बढ़ाते हुए जिम्मेदारी बताई।

विपक्षी दलों की तैयारी की ली जानकारी

फीडबैक लेने के दौरान उन्होंने प्रभारियों से उनके विधानसभा क्षेत्र का सामाजिक समीकरण समझा और विपक्षी दलों की तैयारियों की जानकारी ली। विधानसभा प्रभारियों का हौसल बढ़ाते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन ने उन्हें विधानसभा क्षेत्र का सेनापति बनाया है। जनता प्रदेश की कमान एक बार भाजपा के हाथों में सौंपने का मन बना चुकी है। ऐसे में सेनापति की जिम्मेदारी उन्हें उसी मंशा के साथ मतदान स्थल तक पहुंचाने की है। इसके लिए जरूरत सिर्फ मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्षों की मानिटरिंग करके उन्हें सक्रिय करने की है। इसके लिए प्रभारियों को प्रतिदिन एक घंटे का समय देना होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी का परिचय प्राप्त करने के दौरान उनसे जरूरी सुझाव भी लिए। बैठक में शामिल सभी विधानसभा प्रभारियों का स्वागत क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने किया।

गोरखपुर क्लब में भी प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक को किया संबोधित

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने गोरखपुर क्लब में भाजपा के शिक्षक प्रकोष्ठ की बैठक को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं। उनके विचार को सभी लोग गंभीरता से लेते हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थी तीनों के हितों के लिए संवेदनशील है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में शिक्षक प्रकोष्ठ का दायित्व काफी महत्वपूर्ण होगा। पार्टी और सरकार की नीतियां शिक्षकों के माध्यम से आसानी से जनता तक पहुंचेंगी। बैठक को युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष डा. विभ्राट चंद कौशिक, प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रमेश सिंह आदि ने भी संबोधित किया। रमेश सिंह ने आश्वस्त किया कि गोरखपुर क्षेत्र में एक लाख से अधिक शिक्षकों को भाजपा का सदस्य बनाया जाएगा। आभार ज्ञापन रमेंद्र प्रताप चंद, डा. संजय और मनीष सिंह ने किया।

गीता नगर मंडल में प्रदेश अध्यक्ष ने किया जनसंपर्क

गोरखपुर पहुंचने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले गीतानगर मंडल के शेषपुर मोहल्ले में लोगों से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का पत्रक वितरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब तबके के लोगों के जीवन में खुशहाली ला दी है। केंद्र की मोदी ओर प्रदेश की योगी सरकार गरीबों की सेवा के लिए समर्पित है। इन सरकारों ने देश के गांव, गरीब और किसान सभी सम्मान बढ़ाया है। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. सत्येंद्र सिन्हा, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, रुपेश गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष बृजेश मणि मिश्र, राहुल श्रीवास्त, रंजना गुप्ता आदि मौजूद रहीं।

chat bot
आपका साथी