महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर तो सशक्त होगा समाज

समूह के माध्यम से महिलाओं को मजबूत करने में लगी है सरकार डीएम

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 06:13 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 06:13 PM (IST)
महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर तो सशक्त होगा समाज
महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर तो सशक्त होगा समाज

संतकबीर नगर: मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि आधी आबादी अब हर मोर्चे पर अपना झंडा गाड़ रही है। सेना से लेकर हवाई जहाज उड़ाने तक में महिलाएं किसी से पीछे नहीं है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में योगी सरकार लगातार कार्य कर रही है। समूह की महिलाएं समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य करेंगी। इसी उद्देश्य से समूह का गठन हो रहा है। गांव-गांव समूहों का गठन कर महिलाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन महिलाओं के माध्यम से होगा तो वह बेहतर तरीके से संचालित हो सकेगा।

विधायक गुरुवार को मेंहदावल ब्लाक में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के समय में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं का डंका बज रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर अन्य जगहों पर महिलाओं का बोलबाला है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में लगी हुई है। उन्होंने पूर्व की सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सुनने में आया है जगह-जगह मैं आ रहा हूं का होर्डिंग लग रहा है। लेकिन यह बात समझ में नहीं आ रहा है कि क्या समाजवादी सरकार प्रदेश को लूटने आ रही है। क्योंकि जनता ने उस लूटतंत्र को साढ़े चार वर्ष पहले ही नकार कर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि समूह की महिलाओं को मजबूत व आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समूह की महिलाएं सीधे मुझसे मिल सकती हैं। प्राथमिकता के आधार पर समूह की महिलाओं की समस्या का निस्तारण किया जाएगा। समूह का संचालन अगर बेहतर तरीके से लगातार हुआ तो आगे चलकर समूह की महिलाएं काफी मजबूत स्थिति में होंगी। उन्होंने खुद एक महिला होने का हवाला देते हुए बताया कि आज महिलाएं समाज में अग्रणी भूमिका में हैं तो उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। वह सकारात्मक होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। जिससे समाज का भला हो सके। कार्यक्रम को मुख्य विकास अधिकारी सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। इस दौरान बेलहर ब्लाक प्रमुख डा. भूपेंद्र सिंह, बघौली ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि बबलू सिंह, मेंहदावल ब्लाक प्रमुख पुष्पा त्रिपाठी, उपायुक्त जीशान रिजवी, समाज कल्याण अधिकारी निरंकार, बीडीओ महावीर सिंह, सहायक विकास अधिकारी दीप श्रीवास्तव, सतीश चंद्र मिश्रा, विनोद पांडेय सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

chat bot
आपका साथी