मृत बेटी को न्याय नहीं मिला तो खुद को जिदा जला लूंगा

11 सितंबर को कुआनो नदी से मिली थी दलित रमेश्वर की बेटी मीना की लाश

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 09:30 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 09:30 PM (IST)
मृत बेटी को न्याय नहीं मिला तो खुद को जिदा जला लूंगा
मृत बेटी को न्याय नहीं मिला तो खुद को जिदा जला लूंगा

संतकबीर नगर : महुली थानाक्षेत्र के सिकटहा गांव के रमेश्वर मृत बेटी को न्याय दिलाने के लिए पिछले डेढ़ महीने से दर-दर भटक रहे हैं। अब उनके सब्र का बांध टूट गया है। मुख्यमंत्री, डीजीपी, आइजी और एसपी को पत्र भेजकर उन्होंने कहा कि उनकी बेटी मीना की हत्या हुई है। आरोपित पैसे वाले हैं। पुलिस आरोपितों को बचाने में लगी है। उनके नामजद तहरीर देने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सहन नहीं हो रहा। इसके बाद भी यदि मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो वह एसपी कार्यालय पर खुद को जिदा जला देंगे।

रमेश्वर ने कहा कि वह दलित हैं। पत्नी की मौत के बाद भी उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा दी। गरीबी में भी बच्चों को पढ़ाया-लिखाया। उनकी एक बेटी पूनम की शादी धनघटा थाना क्षेत्र के रामपुर छितौनी में हुई है। छह सितंबर को उनकी छोटी बेटी मीना अपनी बहन के घर गई थी। रामपुर छितौनी के कुछ मनबढ़ लोग उनकी बेटी का अपहरण कर लिये। जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। 11 सितंबर को उनकी बेटी का शव धनघटा थानाक्षेत्र के पारा स्थित कुआनो नदी में उतराता हुआ मिला। बेटी के सिर के बाल काटे गए थे। उसकी जीभ बाहर निकली थी। उस समय कहा गया कि युवती की हत्या हुई है। एक आरोपित भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। घटना के बाद से ही वह न्याय पाने के लिए अधिकारियों के दर पर पहुंच रहे हैं। कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही। हर जगह से उन्हें भगाया जा रहा है। इस बीच आरोपित उनके परिवार को खत्म करने की धमकी भी दे रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से उनका पीछा किया जा रहा है। वह पूरी तरह से टूट गए हैं। यदि न्याय नहीं मिला तो वह जान दे देंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

युवती का शव नदी से मिला था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कुछ खास नहीं था। बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। पीड़ित परिवार ने यदि तहरीर दिया है तो मामला जरूर दर्ज होना चाहिए। वह स्वयं इस मामले को देखेंगे। पीड़ित को हर हाल में न्याय मिलेगा।

राम प्रकाश, पुलिस क्षेत्राधिकारी

chat bot
आपका साथी