पति ने कर ली तीन शादी, अब संपत्ति में नहीं दे रहा हिस्‍सा

पोहिला निवासिनी एक महिला को उसके पति ने शादी के बाद घर से निकाल दिया। उसने तीन शादियां की और दो पत्नियों के साथ रह रहा है। घर से निकाली गई पत्‍नी को वह संपत्ति भी नहीं दे रहा।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 01:30 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 01:30 PM (IST)
पति ने कर ली तीन शादी, अब संपत्ति में नहीं दे रहा हिस्‍सा
पत्‍नी को संपत्ति में हिस्‍सा नहीं दे रहा पति। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। बड़हलगंज की पोहिला निवासिनी एक महिला ने एसपी दक्षिणी को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसके पति ने तीन शादियां की हैं। वह दो पत्नी व उनके बच्चों को अपने साथ रख रहा है, लेकिन उसका पति न ही उसे और न ही उसके बच्चों को संपत्ति में हिस्सा दे रहा है।

32 साल पहले हुई थी शादी

महिला ने बताया कि 32 वर्ष पूर्व उसकी शादी पोहिला के एक व्यक्ति से हुई थी । पति का शादी के पांच वर्ष बाद गगहा थाने के टड़वा निवासिनी एक दूसरी महिला से संपर्क हो गया। उसने बाद में उससे शादी कर ली। शादी के बाद उसका पति दूसरी पत्नी की बहन के भी संपर्क में आ गया और 12 वर्ष बाद उससे भी शादी कर ली। दोनों बहनों से शादी करने के बाद उसने मुझे मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला का कहना है कि उसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है। संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए व बच्चों की परवरिश के लिए लगातार पति से मांग कर रही है, लेकिन उसका पति उसे संपत्ति में हिस्सा देने को तैयार नहीं है।

ससुराल गई तो पति और उसकी दोनों पत्नियों ने पीटा

महिला का कहना है कि जुलाई माह में वह अपने बच्चों को लेकर पोहिला अपने घर पर गई थी, लेकिन उसके पति व उसकी दोनों पत्नियों ने उसे मारपीट कर फिर घर से निकाल दिया। महिला का कहना है कि संपत्ति में हिस्से के लिए वह थाने से लेकर तमाम अधिकारियों से भी गुहार लगा चुकी है। बावजूद इसके उसे न्याय नहीं मिल रहा है।

शिकायत के आधार पर की जा रही मामले की जांच

एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके लिए बड़हलगंज के प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया गया है कि वह मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करें।

दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

रामगढ़ताल थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में देवरिया बाईपास मोड़ पर झड़वा निवासी 29 वर्षीय रामपाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक जेएन सिंह ने कहा कि उन्हें सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि आरोपत कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए मौके पर दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी