Gorakhpur Weather News: झमाझम बारिश ने दी गर्मी से राहत, आज व कल भी बारिश के आसार
Gorakhpur Weather News 16 September 2021 गोरखपुर में गुरुवार को झमाझम बारिश हुई। मंगलवार रात से जारी बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश का यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गुरुवार को शहर में झमाझम बारिश हुई। शुक्रवार को भी दिन में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। गुरुवार दिन में शुक्रवार को आधे से अधिक जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस गिरावट आ सकती है।
मंगलवार रात से रुक रुककर हो रही है बारिश
मंगलवार रात से जारी बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान औसत से करीब पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इससे लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया है कि बारिश का यह सिलसिला गुरुवार व शुक्रवार को भी जारी रह सकता है। हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
बादलों से आसमान में डेरा डाला
बता दें दो दिन पहले तक छत्तीसगढ़ में बना हवा के कम दबाव का क्षेत्र खिसक कर झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। इसके चलते आसमान में बादलों ने डेरा डाल दिया है। इसके चलते मंगलवार रात से बारिश हो रही है। बुधवार की रात से बारिश का क्रम तेज हो गया है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम 92 फीसद व न्यूनतम 81 फीसद रही। हवा अधिकतम 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पूर्व दिशा की तरफ से चली।
इतना रहेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार को जिले के आधे से अधिक जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। हवा उत्तर पूर्व से दक्षिण पूर्व की तरफ चल सकती है। हवा की गति 5 से 24 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। नमी 75 से 96 फीसद रह सकती है।