UP: संतकबीर नगर में कट्टे से हर्ष फायरिंग में पांच बच्चों को लगी गोली, दो की हालत गंभीर

यूपी के संतकबीर नगर जनपद के धनघटा थाने के असरफपुर गांव में बच्चे के छठ में चल रहे डांस प्रोग्राम में हर्ष फायरिंग से पांच बच्चों को गोली लग गई है। इसमें दो की हालत गंभीर है। सभी बच्चों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 09:26 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 12:01 PM (IST)
UP: संतकबीर नगर में कट्टे से हर्ष फायरिंग में पांच बच्चों को लगी गोली, दो की हालत गंभीर
संतकबीर नगर में हर्ष फायरिंग के बाद मौके पर पूछताछ करते एसपी। - जागरण

संतकबीर नगर, जागरण संवाददाता। धनघटा थानाक्षेत्र के अशरफपुर गांव में गुरुवार की रात करीब दस बजे छठी-बरही कार्यक्रम में नशे में एक व्यक्ति ने कट्टे से फायरिंग कर दी। इससे पांच बच्चों को गोली लग गई। इसमें से दो बच्चों की हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस फायरिंग करने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी में जुटी है।

धनघटा के अशरफपुर गांव में छठी-बरही कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग

धनघटा थानाक्षेत्र के अशरफपुर गांव के निवासी रामचंद्र भारती के घर बीते गुरुवार की रात छठी-बरही का कार्यक्रम चल रहा था। बच्चे खुशी में नाच रहे थे। रात के करीब दस बजे रामचंद्र भारती के बेटे नकुल भारती नशे की हालत में अचानक कट्टे से फायरिंग कर दी। इससे आठ वर्षीय अर्चना, पांच वर्षीय आयुष, सात वर्षीय रागिनी, छह वर्षीय राजन तथा 12 वर्षीय सत्यम को गोली लग गई। ये बच्चे जमीन पर गिरकर छटपटाने लगे।

बच्चों की यह दशा देखकर लोग चीखने-चिल्लाने लगे। गांव के लोगों ने इन बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र(सीएचसी) हैंसर बाजार में इलाज के लिए दाखिल कराया। यहां के डाक्टरों अर्चना व आयुष की हालत गंभीर देखकर उन्हें बीआरडी मेडिकल कालेज-गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।

हर्ष फायरिंग में पांच बच्चों के घायल होने की सूचना बीते गुरुवार की रात जैसे ही मिली, वैसे ही तुरंत पुलिस कर्मी गांव पहुंचे। फायरिंग करने वाला शख्स फरार मिला। इसके कारण कट्टा बरामद नहीं हो पाया। पुलिस फायरिंग करने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी और कट्टे की बरामदगी में जुटी है। जल्द ही दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। - रोहित प्रसाद, थानाध्यक्ष-धनघटा।

अशरफपुर गांव में एक व्यक्ति ने 12 बोर के अवैध कट्टे से हर्ष फायरिंग की। पांच में से दो बच्चों की हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कालेज-गोरखपुर रेफर कर दिया है। इस मामले में जल्द दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। - डा. कौस्तुभ, एसपी-संतकबीर नगर।

chat bot
आपका साथी