Gorakhpur Weather: ठंड ने कर ली धूप से यारी, दिन तुम्हारा, रात हमारी

गुरुवार की सुबह पुरुवा चलने के कारण धुंध छाया रहा हालांकि 9 बजे के बाद जैसे ही पछुआ हवाएं चलनी शुरू हुईं धुंध छटने लगा। मौसम दिन में मार्च माह का तो रात में जनवरी जैसा आभास करा रहा है।

By Satish chand shuklaEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 10:56 AM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 10:56 AM (IST)
Gorakhpur Weather: ठंड ने कर ली धूप से यारी, दिन तुम्हारा, रात हमारी
गोरखपुर में गुरुवार को मौसम का दृश्‍य।

गोरखपुर,जेएनएन। ठंड विदाई की बेला में है। उसने धूप से दोस्ती कर ली है। दिन में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस को पार कर जा रहा है तो रात होते ही फिर तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ जा रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि यह स्थिति अभी करीब सप्ताह भर तक ऐसी ही रहने वाली है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पूर्वानुमान जताया है कि दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 14  डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक

गुरुवार की सुबह पुरुवा चलने के कारण धुंध छाया रहा हालांकि 9 बजे के बाद जैसे ही पछुआ हवाएं चलनी शुरू हुईं, धुंध छटने लगा। मौसम दिन में मार्च माह का तो रात में जनवरी जैसा आभास करा रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि फरवरी के अंत तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। फरवरी माह में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम का रिकॉर्ड है। इस वर्ष फरवरी माह में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस तक गया है। फरवरी माह में अभी तीन दिन शेष हैं। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 28 फरवरी को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ऐसा होने पर इस बार फरवरी वर्ष 1974 के फरवरी के गर्मी की बराबरी कर सकती है। सूरज के प्रभाव से रोजाना तापमान में चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों में सूरज के तेवर में थोड़ी नरमी आई थी, लेकिन बुधवार को फिर लोगों ने गर्मी महसूस की है। आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि के आसार हैं। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस व न्‍यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। सुबह के समय हवा उत्‍तर पूरब से दक्षिण पूरब की तरफ चलेगी। आसमान साफ रहेगा।

15.8 डिग्री रहा न्‍यूनतम तापमान

बुधवार को न्‍यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सिस रहा। यह फरवरी माह के औसत न्‍यूनतम तापमान से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पिछले चौबीस घंटे में न्‍यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह फरवरी माह के औसत अधिकतम तापमान से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान में 2.0 डिग्री सेल्सियस वृद्धि हुई है।

chat bot
आपका साथी