Gorakhpur Weather News: गोरखपुर में 15 वर्ष का रिकार्ड टूटा, सर्वाधिक गर्म रहा फरवरी का अंतिम सप्ताह
गोरखपुर में बीते फरवरी माह के अंतिम सप्ताह की गर्मी ने पिछले 15 वर्षों का रिकार्ड तोड़ा है। फरवरी के अंतिम सात दिनों का औसत अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा है जबकि वर्ष 2006 में फरवरी के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान का औसत 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। बीते फरवरी माह के अंतिम सप्ताह की गर्मी ने पिछले 15 वर्षों का रिकार्ड तोड़ा है। गोरखपुर में फरवरी के अंतिम सात दिनों का औसत अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा है, जबकि वर्ष 2006 में फरवरी के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान का औसत 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा है।
तेजी से बदल रहा है मौसम
मौसम तेजी से बदल रहा है। पिछले कई वर्षों की तुलना में फरवरी बेहद गर्म रही है। फरवरी माह का औसत अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस है। इससे पूर्व वर्ष 2018 में फरवरी माह का औसत इससे 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। वष्र 2006 में फरवरी माह का औसत अधिकतम 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा है। बात फरवरी माह के सिर्फ अंतिम सप्ताह की करें तो पिछले 15 वर्षों में यह सर्वाधिक गर्म रहा है।
लुढ़का अधिकतम तापमान
इधर धूल भरी पछुआ हवाओं के चलने के कारण वातावरण पूरी तरह से शुष्क हो चला है। सोमवार को पछुआ हवाएं अधिकतम 19 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से चलीं। हवाएं धूल भरी रहीं। दिन का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले चौबीस घंटे में दिन के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई है। आद्र्रता अधिकतम 70 व न्यूनतम 27 फीसद रही है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय का कहना है कि हवा की गति 16 किलोमीटर से अधिक होने पर गेहूं के फसल को नुकसान होगा। अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति रहने वाली है।
जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम
मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हवा धूल भरी होगी। इसकी अधिकतम गति 6-20 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती हैं।