Gorakhpur Weather Update: अब सिर्फ सुबह शाम की ठंड, दिन हुआ गर्म

गोरखपुर में ठंड लगभग खत्‍म हो गया है । इसका परिणाम है कि अब चटख धूप में लोगों से भारी गर्म कपड़े बर्दाश्त नहीं हो रहे हैं। स्थिति यह है कि कोई हाफ जैकेट में दिख रहा है तो कोई सिर्फ फुल शर्ट पहने हुए दिख रहा है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 16 Feb 2021 11:33 AM (IST) Updated:Tue, 16 Feb 2021 01:44 PM (IST)
Gorakhpur Weather Update: अब सिर्फ सुबह शाम की ठंड, दिन हुआ गर्म
गोरखपुर में ठंड लगभग खत्‍म हो गई है। - जागरण

गोरखपुर, जेएनएन। ठंड अब सिर्फ सुबह व शाम भर की रह गई है। दिन गर्म होने लगा है। कुछ लोगों ने तो अभी पंखा चलाना भी शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। 19 फरवरी तक दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

उतर गया कोट व जैकेट

सूरज ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। इसका परिणाम है कि अब चटख धूप में लोगों से भारी गर्म कपड़े बर्दाश्त नहीं हो रहे हैं। स्थिति यह है कि कोई हाफ जैकेट में दिख रहा है तो कोई सिर्फ फुल शर्ट पहने हुए दिख रहा है। सुबह व शाम में भी लोगों को हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है। दिन में तो लोग सिर्फ शर्ट पहनकर भी काम चला ले रहे हैं। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हवा दक्षिण से पश्चिम की तरफ चल सकती है। इनकी अधिकतम गति 5 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

कल ऐसा था मौसम

पिछले चौबीस घंटे से दिन का अधिकतम तापमान स्थिर है, जबकि न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हुई है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दक्षिण पश्चिम की तरफ से चलने वाली हवा की अधिकतम गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही। आद्र्रता अधिकतम 85 व 49 फीसद रही। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने पूर्वानुमान जताया है कि आगामी 19 फरवरी तक सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा।

chat bot
आपका साथी