Gorakhpur Coronavirus Updates: गोरखपुर में कोरोना से पांच की मौत, एक ही दिन में 323 पॉजिटिव

Gorakhpur Coronavirus Updates 12 August 2020 गोरखपुर-बस्ती मंडल की कोरोना वायरस से जुड़ी खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 01:02 PM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 09:07 PM (IST)
Gorakhpur Coronavirus Updates: गोरखपुर में कोरोना से पांच की मौत, एक ही दिन में 323 पॉजिटिव
Gorakhpur Coronavirus Updates: गोरखपुर में कोरोना से पांच की मौत, एक ही दिन में 323 पॉजिटिव

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में पांच संक्रमितों की मौत हो गई। इसके अलावा बुधवार को जिले में कोरोना बम फूटा। 323 लोग पॉजिटिव आए हैं। यह एक दिन में मिलने वाली संक्रमितों की सर्वाधिक संख्या है। इनमें 167 केवल शहर के हैं। कुल 937 नमूनों की जांच हुई जिसमें 614 निगेटिव पाए गए। जिले में संक्रमितों की संख्या 4397 पहुंच गई है। 76 की मौत हो गई है। 1034 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 1186 होम आइसोलेशन से मुक्त हो गए हैं। 2101 मरीजों का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि की। कोरोना से पीड़ित उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेशीय महामंत्री 65 वर्षीय त्रिलोकी नाथ तिवारी की बुधवार को मौत हो गई। वह पैनेसिया में भर्ती थे। इनके अलावा बांसगांव के भीटा निवासी 71 वर्षीय रामबहाल घर पर आइसोलेट थे। उन्हें शुगर की बीमारी थी। सूर्य विहार काॅलोनी निवासी 52 वर्षीय प्रेमशीला मिश्रा बीआरडी में भर्ती थीं। रुस्तमपुर के बड़गो निवासी 70 वर्षीय शाजिदा बेगम को बीपी, शुगर व हार्ट की समस्या थी। सिंघड़िया के 73 वर्षीय रामानंद निषाद बीआरडी में भर्ती थे, उन्हें लीवर, किडनी, शुगर व ब्लड प्रेशर की दिक्कत थी। इन सभी की मौत मंगलवार को हो गई।

कुशीनगर में कोरोना के 125 नए पेसेंट, संक्रमितों की संख्या 1537 हुई

कुशीनगर में एक तरफ जहां स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है, वहीं बड़ी संख्या में संक्रमित भी मिल रहे हैं। कुशीनगर से भेजे गए नमूनों में बुधवार को 1253 की रिपोर्ट मिली, जिसमें 1128 निगेटिव व 125 पॉजिटिव हैं। कोरोना से अब तक मरने वालों की संख्या 12 हो चुकी है। वहीं जनपद में संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 1537 हो गई है। हालांकि इसमें से अब तक कुल 843 लोग स्वस्थ होकर घर भेजे जा चुके हैं। 

बस्‍ती में स्टाफ नर्स समेत 35 कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या 1750 हुई 

बस्ती जिले में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। बुधवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और जिला अस्पताल के ट्रूनेट जांच मशीन व एंटीजन जांच किट से 975 की रिपोर्ट जारी की गई। 940 निगेटिव जबकि जिला महिला अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स समेत 35 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1750 पहुंच गई है। संक्रमितों को लेवल-वन अस्पताल ओपेक चिकित्सालय कैली,जवाहर नवोदय विद्यालय रुधौली व परशुरामपुर में शिफ्ट कराया गया है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 36 है। अब तक 841 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 891 हो गई है।

सिद्धार्थनगर में 77 पॉजिटिव, अब तक 1378 संक्रमित

सिद्धार्थनगर में बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से बुधवार को 1445 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है। इसमें 1368 की रिपोर्ट निगेटिव और 77 पॉजिटिव मिले हैं। खुनियावं ब्लाक के ग्राम मझौवा में एक साथ 27 संक्रमित मिले हैं। अब पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 1378 हो गई है। 528 एक्टिव केस हैं। 806 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 39583 लोगों की जांच की है। 1204 की रिपोर्ट आनी शेष है। 

देवरिया में कोरोना के 40 नए केस, अब तक 2156 संक्रमित

देवरिया जिले में कोरोना संक्रमण अब तेजी से बढऩे लगा है। बुधवार को आई कोरोना रिपोर्ट में जिले के 40 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। इसमें बैंक कैशियर, स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। लगातार स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से महकमे में हड़कंप मचा गया। अभी तक जिले में 950 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं, जबकि 16 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस तरह जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 2156 हो गई है।

संतकबीर नगर में स्वास्थ्य कर्मी समेत 22 कोरोना पाॅजिटिव, अब तक 1439 संक्रमित

संतकबीर नगर में बुधवार को 774 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें 752 निगेटिव जबकि दो स्वास्थ्य कर्मी, एक पुलिस कर्मी समेत 22 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस दिन 40 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हुए। इस तरह से जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्‍या बढ़कर अब 1439 हो गई है।

पौली ब्लाक के दो स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस लाइन-खलीलाबाद के एक  पुलिस कर्मी जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। जनपद में सर्वाधिक बघौली ब्लाक में सात, खलीलाबाद ब्लाक में छह, पौली ब्लाक में चार, सेमरियावां व हैंसर बाजार ब्लाक में दो-दो तथा मेंहदावल ब्लाक में एक कुल 22 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस दिन 40 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हुए। अब तक 36,773 लोगों के सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें 30,714 निगेटिव और 1,439 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक 14 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि 1,106 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 319 पाॅजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।

chat bot
आपका साथी