गोरखपुर शहर रविवार को होगा सैनिटाइज, कमिश्नर और डीएम करेंगे नेतृत्व Gorakhpur News
कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शासन के निर्देश पर रविवार को बाजार बंद होने के कारण पूरे शहर को सैनिटाइज करने की योजना बनाई गई है। सैनिटाइजेशन महाभियान का नेतृत्व कमिश्नर और जिलाधिकारी खुद करेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम प्रशासन रविवार को कोरोना वायरस के खिलाफ महाभियान शुरू करेगा। पूरे शहर को सैनिटाइज कराने को महाभियान नाम दिया गया है। इससे पहले शनिवार को विशेष अभियान चलाकर शहर को सोडियम हाइपोक्लोराइट के घोल से सैनिटाइज कराया गया। महाअभियान में नगर निगम के साथ ही अग्निशमन विभाग की भी गाडिय़ां शामिल होंगी। गोरखपुर में काेरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। गोरखपुर में कोरोना के लगातार केस मिलते जा रहे हैं।
कमिश्नर करेंगे नेतृत्व
कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शासन के निर्देश पर रविवार को बाजार बंद होने के कारण पूरे शहर को सैनिटाइज करने की योजना बनाई गई है। सैनिटाइजेशन महाभियान का नेतृत्व कमिश्नर और जिलाधिकारी खुद करेंगे। योजना बनाई गई है कि अब पूरे शहर को एक बार सैनिटाइज कर दिया जाए। रात्रि कफ्र्यू के दौरान अधिकांश व्यावसायिक इलाकों को नगर निगम सैनिटाइज करा चुका है। उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल ने बताया कि रविवार के महाभियान को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है।
यह है नगर निगम की क्षमता
500 लीटर टैंक के दो वाहन, एक हजार लीटर टैंक के तीन और दो हजार लीटर टैंक वाली एक मशीन नगर निगम के पास उपलब्ध है। इसके अलावा मैनुअल मशीनें भी हैं। महाभियान में गाडिय़ों की संख्या बढ़ाने के लिए नगर निगम फायर ब्रिगेड की भी मदद लेगा।
असुरन से मेडिकल कालेज तक हुआ सैनिटाइजेशन
रात्रि कफ्र्यू के दौरान अब तक व्यावसायिक इलाकों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में ही सैनिटाइजेशन किया जा रहा था लेकिन अब पूरे शहर को सैनिटाइज करने का काम शुरू हो गया है। सैनिटाइजेशन के लिए अधिकांश बड़े वाहनों का प्रयोग किया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि सैनिटाइजेशन को लेकर खास अभियान शुरू हुआ है। रविवार को महाभियान चलेगा।