महराजगंज में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे चार युवक Gorakhpur News

महराजगंज में एक छात्रा से चार युवकों ने दुष्कर्म किया। कत्थक नृत्य सीखने के दौरान चार लड़कों से युवती की दोस्ती हो गई। कुछ दिनों बाद एक युवक उसे गेस्ट हाउस पर ले गया जहां चारो ने उसके साथ दुष्‍कर्म किया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 30 Sep 2020 06:30 AM (IST) Updated:Thu, 01 Oct 2020 08:41 AM (IST)
महराजगंज में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे चार युवक Gorakhpur News
महराजगंज में चार युवकों ने एक छात्रा से सामूहिक दुष्‍कर्म किया। - प्रतीकात्‍मक फोटो

महराजगंज, जेएनएन। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक वार्ड की निवासी छात्रा से चार युवकों ने दुष्कर्म किया। आरोपित युवक छात्रा का अश्लील वीडियो बना उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। इस मामले में पुलिस चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है। पीड़ित छात्रा ने अपनी तहरीर में लिखा है कि वह वर्ष 2019 में नगर के एक इंटर कालेज में पढ़ रही थी। वहां पर कत्थक नृत्य सीखने के दौरान चार लड़कों से उसकी दोस्ती हो गई। कुछ दिनों बाद एक युवक उसे गेस्ट हाउस पर ले गया। जहां आदर्श, रोहित, गोविंद व शिवम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। चारों आरोपितों ने घटना की जानकारी किसी को न देने की धमकी भी दी। छात्रा के मुताबिक आरोपितों ने उसका वीडियो बना ब्लैकमेल करने की कोशिश की। यहां तक कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। इनके द्वारा परिवार को भी अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2008, जानमाल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। सदर कोतवाल अखिलेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सपाइयों ने निकाला कैंडल मार्च

उधर, हाथरस में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्‍या के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सक्सेना चौक पर कैंडल मार्च निकाल कर आक्रोश जताया। सपा जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा कि आज भाजपा सरकार में महिलाएं पूरी तरह से असुरक्षित हैं। हाथरस में इतनी बड़ी घटना हो गई। हत्यारों को जब तक कड़ी से कड़ी सजा नहींं मिलेगी तब तक समाजवादी पार्टी सरकार के विरोध में अपना प्रदर्शन अनवरत करती रहेगी। इस अवसर पर सुमन ओझा, अतुल पटेल, लीलावती पासवान, लैला तू निशा, रफीउल्लाह, तसव्वर हुसैन, अमितेश कुमार गुप्त, शैल जायसवाल, बृजेश गुप्ता, अभिषेक राय, सुजीत यादव, पूनम देवी, शीला देवी, मीरा भारती सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर धमकी दी

गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र के एक गांव में एक युवक पड़ोसी के घर में घुस गया। महिला से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित महिला ने सहजनवा थाने में आरोपित युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पीड़िता का आरोप है कि तीन दिन पहले चौकी पर शिकायत की तो पुलिस समझौता करने के लिए दबाव बना रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।

छेड़खानी के आरोपित के खिलाफ केस

हरपुर बुदहट क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ सोमवार को छेड़खानी करने वाले आरोपित सुधीर पटेल के खिलाफ मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया। केस दर्ज होते ही आरोपित फरार हो गया।

कांग्रेसी भी सड़क पर उतरे

हैवानियत का शिकार हुई हाथरस की बेटी के निधन की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेसियों ने श्रद्धांजलि सभा की। आम्‍बेडकर चौक पर मोमबत्‍ती जलाकर आत्‍मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।जिला कांग्रेस कमेटी, महानगर कांग्रेस कमेटी, अनुसूचित विभाग, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, अल्पसंख्यक कांग्रेस, एनएसयूआइ के संयुक्त तत्वाधान में ऑम्‍बेडकर चौक पहुंचे पदाधिकारियों व सदस्‍यों ने बेटियों के साथ अपराध बढ़ने पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लिया। महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने कहा कि प्रदेश में अपराध चरम सीमा पर है। आए दिन हत्या, बलात्कार, लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं।

chat bot
आपका साथी