Triple Murder In Gorakhpur: पूर्व विधायक व ब्लाक प्रमुख भी संदेह के दायरे में, काल डिटेल पर टिकी पुलिस की नजर
गोरखपुर के गगहा क्षेत्र में 10 मार्च को जिला पंचायत सदस्य पद के दावेदार रितेश मौर्य और 30 मार्च को दुकानदार शंभू मौर्य व उनके कर्मचारी संजय पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में अब पूर्व विधायक का नाम भी सामने आ रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। Triple Murder In Gorakhpur गोरखपुर के गगहा में 20 दिन के अंदर तीन लोगों की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले सन्नी, युवराज और घटना के साजिशकर्ता सिंहासन यादव से पूर्व विधायक व प्रमुख के क्या संबंध हैं पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। रविवार को जेल गए सिंहासन यादव ने पूछताछ में दोनों नेताओं से अच्छे संबंध होने की बात स्वीकार की। अब काल डिटेल के जरिए पुलिस इसे पुष्ट कर रही है।
यह है घटनाक्रम
गगहा क्षेत्र में 10 मार्च को जिला पंचायत सदस्य पद के दावेदार रितेश मौर्य और 30 मार्च को दुकानदार शंभू मौर्य व उनके कर्मचारी संजय पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले सन्नी सिंह उर्फ म़ृगेंद्र, युवराज सिंह उर्फ राज को एसटीएफ की मदद से गगहा पुलिस ने सात मई की शाम को गिरफ्तार किया।
दोनों ने पूछताछ में बताया था कि नेवादा के रहने वाले सिंहासन यादव ने वारदात को अंजाम देने के लिए असलहा मुहैया कराया था। उसने कहा था कि पूर्व विधायक व पूर्व ब्लाक प्रमुख से उसके अच्छे संबंध है। दोनों लोगों पैरवी करेंगे।
क्राइम ब्रांच ने तेज की जांच
शरणदाता के रूप में पूर्व विधायक व प्रमुख का नाम सामने आने के बाद पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच ने अपनी जांच तेज कर दी है। प्रभारी निरीक्षक गगहा सुधीर सिंह ने बताया कि सन्नी, युवराज और सिंहासन को शरण देने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सूचना देने वाला बदमाश जेल गया
सन्नी और उसके साथियों को स्थानीय व्यापारियों के बारे में सूचना देने वाले बदमाश पोशु उर्फ मोहम्मद उवैश को गगहा पुलिस ने गिरफ्तार किया। हत्या की कोशिश के मामले में वह वांछित था।काल डिटेल की जांच में पोशु के संबंध बदमाशों से होने की जानकारी मिली थी।