Flood in Gorakhpur: गोरखपुर में गंभीर हुई स्‍थ‍ित‍ि, बाढ़ से घिरे गांव में नांव पलटी- दो की मौत

Flood in Gorakhpur गोरखपुर में बाढ़ की स्‍थ‍ित‍ि गंभीर हो गई है। बाढ़ से घिरे गोरखपुर में खजनी के महुआडाबर गांव में नांव पलटने से सात वर्षीय बालक समेत दो व्यक्तियों की मौत हो गई। मरने वालों में एक युवती शामिल है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 08:10 AM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 08:10 AM (IST)
Flood in Gorakhpur: गोरखपुर में गंभीर हुई स्‍थ‍ित‍ि, बाढ़ से घिरे गांव में नांव पलटी- दो की मौत
गोरखपुर में उफान पर आई रोह‍िन नदी। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। बाढ़ से घिरे खजनी के महुआडाबर गांव में छोटी नांव पलटने से सात वर्षीय बालक समेत दो व्यक्तियों की मौत हो गई। मरने वालों में एक युवती शामिल है। युवती का नाम प्रियंका पुत्री मकसूदन है, जबकि बालक का नाम विवेक है। प्रियंका विवेक की बुआ थी। दोनों की मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है। नांव पर कुल सात व्यक्ति सवार थे।

सामान खरीदकर गांव जा रहे थे ग्रामीण

ग्रामीण गांव से बाहर सड़क पर छोटी नांव से सामान खरीदने के लिए गए हुए थे। सामान खरीदकर वह छोटी नांव से सामान खरीदकर लौट रहे थे। वह अभी गांव के पास पहुंचे थे कि एक गड्ढे में नांव पलट गई। नांव पर सवार सभी व्यक्ति पानी में गिर गए। इससे नांव पर सवार 28 वर्षीया ग्रामवासिनी प्रियंका व गांव के ही अनिल साहनी का सात वर्षीय पुत्र पानी में डूब गए। किसी तरह से पांच ग्रामीणों को पानी से बाहर निकला गया। प्रियंका व विवेक का पता नहीं चल रहा था। काफी खोजबीन के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को ही आने-जाने के लिए लगी थी नांव

महुआडाबर ग्राम प्रधान पुत्र जिबोध उपाध्याय ने बताया कि नांव उनके गांव की थी। प्रशासन ने ग्रामीणों सहयोग के लिए नांव लगाए जाने के लिए कहा था। शनिवार को ही नांव ग्रामीणों के आने-जाने के लिए लगाई गई थी।

एक साथ दो मौतों से टूट गया परिवार

एक साथ दो मौतों से मकसूदन का परिवार टूट गया है। प्रियंका की शादी बरदहन में हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। विवेक दो भाई थे। दोनों मौतों को लेकर ग्रामीण सदमे में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी को नहीं पता था कि इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी।

आज शहर के जलभराव क्षेत्रों का जायजा लेंगे मुख्यमंत्री

उधर, दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को शहर के जल भराव क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण करने के बाद वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री सुबह गोरखनाथ मंदिर के हिन्दू सेवाश्रम भवन में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आने वाले लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद सुबह नौ बजे के करीब मोहरीपुर जाएंगे। मोहरीपुर, संझाई एवं नुरुद्दीनचक आदि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और लोगों में राहत सामग्री का वितरण करेंगे। यहां से मुख्यमंत्री राप्तीनगर पहुंचेंगे और जल भराव का निरीक्षण करने के बाद प्रदेश में एक सप्ताह तक चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करेंगे।

जिले के नोडल अधिकारी संजय आर भूसरेड्डी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। यहां से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचेंगे और हेलीकाप्टर से खोराबार क्षेत्र के बेलवार गांव पहुंचेंगे। यहां बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करने के बाद बांसगांव तहसील के कौड़ीराम पहुंचेंगे। वहां भी बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री यहां से गोला जाएंगे। वहां भी बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री का वितरण करन के बाद वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे।

chat bot
आपका साथी