भूमि विवाद में चली गोली, पांच घायल

विवादित भूमि पर भूसा रखने को लेकर हुआ खूनी संघर्ष

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 06:30 AM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 06:30 AM (IST)
भूमि विवाद में  चली गोली, पांच घायल
भूमि विवाद में चली गोली, पांच घायल

महराजगंज: भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार की शाम चार बजे सौरहा टोला पिपरहना में गोली चलने से गांव में भगदड़ मच गई। गांव के ही आरोपित ने विपक्षी पर गोली मार दी और मौके से असलहा लहराते हुए फरार हो गया। गोली लगने से घायल देवेंद्र समेत कुल पांच लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने शुक्रवार की शाम घटनास्थल का निरीक्षण किया और गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

बृजमनगंज थानाक्षेत्र के सौरहा टोला पिपरहना में भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार की शाम चार बजे रामअचल और मेघनाथ के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि मेघनाथ के पक्ष द्वारा विवादित भूमि पर भूसा रखा जा रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान रामअचल की तरफ से एक आरोपित घर से देसी कट्टा उठा लाया और मेघनाथ और उसके बेटे देवेंद्र पर फायर झोंक दिया। गोली देवेंद्र के सीने को छूते हुए निकल गई। गोली मारने के बाद आरोपित कट्टा लहराते हुए फरार हो गया। गोली चलने के बाद गांव में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने गोली लगने से घायल देवेंद्र व मारपीट में घायल मेघनाथ के अलावा रामअचल के पक्ष से घायल रामअचल उनके पुत्र रामसुमेर और मुन्नी देवी को हास्पीटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटनास्थल का एसपी ने किया निरीक्षण

महराजगंज: फायरिग की सूचना पर फरेंदा के सीओ सुनील दत्त दुबे के साथ एसपी प्रदीप गुप्ता ने गांव में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और विवाद के जड़ की भी जानकारी ली। एसपी ने विवादित भूमि पर पहुंचकर ग्रामीणों के बयान भी दर्ज कराए। पांच हिरासत में मुख्य आरोपित की तलाश जारी

: एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपित अभी असलहे के साथ फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगा दी गई हैं। गोली चलाने वाले पक्ष के पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी