सर्वजन का विकास कर रही भाजपा सरकार: श्रीराम चौहान

इस दौरान वक्ताओं ने भाजपा सरकार के उपलब्धियों का बखान भी किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 06:30 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 06:30 AM (IST)
सर्वजन का विकास कर रही भाजपा सरकार: श्रीराम चौहान
सर्वजन का विकास कर रही भाजपा सरकार: श्रीराम चौहान

संतकबीर नगर: पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शनिवार को जिले के सभी नौ ब्लाक मुख्यालयों पर गरीब कल्याण मेले का आयोजन किया गया। दिव्यांगों को सहायक उपकरण, गरीबों को आवास का स्वीकृति पत्र दिए जाने के साथ ही सरकार की रोजगारपरक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इस दौरान वक्ताओं ने भाजपा सरकार के उपलब्धियों का बखान भी किया। जिला मुख्यालय पर विकास भवन परिसर में प्रदेश सरकार के मंत्री श्रीराम चौहान, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ और लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया।

हैंसर बाजार व नाथनगर ब्लाक कार्यालय परिसर में मेले का आरंभ प्रदेश सरकार के मंत्री श्रीराम चौहान द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार सर्वजन का विकास कर रही हैं। कोई भूखा नहीं रहे इसके लिए मुफ्त राशन, हर गरीब को पक्का मकान, पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज की सुविधा आदि उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने 24 से अधिक लोगों को गैस कनेक्शन, आवास, पेंशन आदि योजनाओं का स्वीकृति पत्र वितरित किया। इस मौके पर हेमंत चतुर्वेदी, अमर राय, प्रिस अगम सिंह, नरेंद्र पांडेय, बीबी सिंह, वीरेंद्र जायसवाल, संतोष पाल, दिगपाल पाल, विजय कुमार पांडेय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। गरीबों के लिए समर्पित है भाजपा सरकार : जय चौबे

खलीलाबाद और सेमरियावां ब्लाक परिसर में आयोजित मेले का सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने फीता काटकर आरंभ करवाया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टाल को देखने के साथ ही रोजगारपरक कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को देने के लिए कर्मियों को सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को पूरा करके दिखा रही है। केंद्र और प्रदेश की सरकार गरीबों के लिए समर्पित हैं। उन्होंने मेले में 10 लाभार्थियों को राशन किट तथा 21 व्यक्तिगत शौचालय के लाभार्थियों को 12 हजार रुपये का चेक, कृषि विभाग द्वारा ग्यारह किसानों को अनुदान के वितरण के अलावा पांच समूह की महिलाओं को सम्मानित किया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख प्रमिला देवी और नित्यानंद ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान में जुटी है। योगी सरकार में बिना भेदभाव के लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस दौरान दिव्यांगों को उपकरण भी दिया गया। दूसरे पार्टी की सरकार ने कहा, भाजपा ने करके दिखाया : बघेल

मेंहदावल व बेलहर ब्लाक परिसर में गरीब कल्याण मेला के दौरान विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि दूसरे दल की सरकारों ने सिर्फ कहा और भाजपा ने करके दिखाया है। बिना भेदभाव के हर गरीबों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जा रहा है। योजनाओं का धन सरकार सीधे लाभार्थियों के खातों में भेज रही है। 2022 तक सभी पात्र व्यक्तियों को आवास देने का कार्य भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषक आहार का किट, सखी और आवास योजना के अन्तर्गत लाभान्वित हुए लोगों को प्रमाणपत्र वितरित किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष सेतवान राय, ब्लाक प्रमुख सांथा अरविद जायसवाल, बीडीओ महाबीर सिंह, विनोद पांडेय, अनिल त्रिपाठी, सर्वेश त्रिपाठी, वीरेन्द्र कन्नौजिया, राजेश सिंह, मेंहदावल के ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि बसंत त्रिपाठी, एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव, संजीव राय, भूपेंद्र त्रिपाठी, शुभसागर पांडेय, सभाजीत यादव, मोनिका वर्मा, अर्जुन चौधरी, राहुल, देव प्रताप सिंह समेत अनेक लोग मौजूद रहे। इसी क्रम में बघौली समेत हर ब्लाकों पर भी मेला आयोजित हुआ।

chat bot
आपका साथी