Gorakhpur Coronavirus Vaccination: रजिस्ट्रेशन के बाद भी एक हफ्ते से नहीं हो पा रही बुकिंग, 15 तक का स्लाट दिखा रहा फुल

Gorakhpur Coronavirus Vaccination कोरोना का टीका लगवाने के लिए लोगों को स्लाट नहीं मिल रहा है। 15 मई तक फुल दिखा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के पास इस समस्या का कोई समाधान भी नहीं है। विभाग का कहना है शासन स्तर से ही इसमें कुछ सुधार संभव है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 12 May 2021 11:06 AM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 11:06 AM (IST)
Gorakhpur Coronavirus Vaccination: रजिस्ट्रेशन के बाद भी एक हफ्ते से नहीं हो पा रही बुकिंग, 15 तक का स्लाट दिखा रहा फुल
कोरोना टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण में लोगों को टाइम स्‍लॉट नहीं मिल रहा है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। सरकार ने 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। टीका लगवाने के लिए युवा उत्साहित भी हैं। लेकिन उनको स्लाट नहीं मिल रहा है। 15 मई तक फुल दिखा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के पास इस समस्या का कोई समाधान भी नहीं है। विभाग का कहना है शासन स्तर से ही इसमें कुछ सुधार संभव है।

कोरोना तेजी से फैल रहा है। शहर से लेकर गांवों तक बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। इसे लेकर युवा जागरूक हुए हैं। वे टीका लगवाकर सुरक्षित होना चाहते हैं। लेकिन सरकार ने इस प्रक्रिया को इतना जटिल बना दिया है कि युवा रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी टीकाकरण नहीं करा पा रहे हैं।

एक सप्ताह से रजिस्ट्रेशन कराकर बैठे हैं। लेकिन जब भी एप खोलते हैं तो फुल दिखाता है। इसे इतना जटिल बनाने की जरूरत ही नहीं थी। 45 पार लोग जैसे टीका लगवा रहे थे, वैसे हम भी जाकर लगवा लेते। - शिवकुमार मिश्र, सिंघड़िया

टीका लगवाने के लिए इतनी अव्यवस्था कभी नहीं थी। इसके पहले जिसका रजिस्ट्रेशन नहीं था, उन्हें भी टीका लगाया जा रहा था। अब रजिस्ट्रेशन के बाद भी स्लाट बुकिंग करनी पड़ रही है। - पंकज शुक्ल, रुस्तमपुर

कई दिन से स्लाट बुक करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन नहीं हो पा रहा है। लगता है कि स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीन की कमी के चलते इसे इतना जटिल बना दिया है। मौके पर रजिस्ट्रेशन करके भी टीका लगाया जा सकता है। - तुषार शुक्ल, रुस्तमपुर ढाला

हमारे यहां बहुत पहले से नियमित टीकाकरण हो रहा है। इसे इतना जटिल बनाने की जरूरत ही नहीं थी। लोग जाते और आराम से टीका लगवाकर चले आते। स्लाट बुकिंग ने दिक्कत पैदा कर दी है। - विश्वमोहन, बशारतपुर

पोर्टल में कुछ भी अपडेट यहां से नहीं किया जा सकता है। इसमें सुधार शासन स्तर से ही संभव है। टीका की कमी नहीं है। अब युवाओं के लिए 10 से बढ़ाकर 25 बूथ कर दिए गए हैं। - डा. सुधाकर पांडेय, सीएमओ

6014 को लगा टीका

वैक्सीन आने के बाद टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को 61 बूथों पर 6100 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 6014 लोगों को टीका लगाया गया। हर बूथ पर उत्सव व उल्लास का माहौल था। 32 बूथ केवल युवाओं के लिए बनाए गए थे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने बताया कि 4316 लोगों को पहली डोज लगाई गई। इसमें 3396 युवा थे। 1698 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई।

chat bot
आपका साथी