बच्चों के विवाद में बड़े लोग करने लगे मारपीट, एक की मौत

तरयासुजान थाना क्षेत्र के गोसाईपट्टी गांव में बच्चों के आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक महिला व बच्चा अस्पताल में भर्ती हैं।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 05:15 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 05:15 PM (IST)
बच्चों के विवाद में बड़े लोग करने लगे मारपीट, एक की मौत
बच्‍चों के विवाद में हुई मारपीट में एक की मौत। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के गोसाईपट्टी गांव में शाम आठ बजे बच्चों के आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक महिला व बच्चा अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। आरोपित फरार हैं।

दोनों घर की महिलाओं में हुई गाली-गलौज

गोसाईपट्टी गांव के हरिप्रसाद, दया प्रसाद व सुनील के परिवार के बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान सुनील के पुत्र गुड्डू को दया प्रसाद के लड़के ने पीट दिया। दोनों घर की महिलाओं में गाली-गलौज हुआ। पुरुष सदस्य रात आठ बजे घर लौटे तो घटना की जानकारी होने पर आमने-सामने हो गए। देखते-देखते मारपीट होने लगी। इस दौरान सुनील के सिर पर दया व हरि प्रसाद ने डंडे से वार कर दिया। वह सिर फटने से अचेत होकर गिर पड़ा। दूसरे पक्ष की घेघिया देवी पत्नी दया प्रसाद का भी सिर फट गया और उसका 12 वर्षीय लड़का पप्पू भी घायल हो गया।

महिला व बच्‍चे का जिला अस्‍पताल में चल रहा इलाज

सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। महिला व बच्चे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। सुनील का इलाज गोरखपुर एक अस्पताल में चल रहा था, जहां दूसरे दिन सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर मौजूद है। आरोपित फरार बताए जाते हैं। एसएचओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। इसे हत्या की धारा में परिवर्तित किया जाएगा। आरोपितों के गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

तीन किग्रा गांजा के साथ एक गिरफ्तार

जटहा बाजार पुलिस ने किन्नरपट्टी गांव स्थित झरना नाला के समीप बाइक सवार अंतरप्रांतीय तस्कर को गिरफ्तार कर तीन किलोग्राम गांजा बरामद किया। आरोपित को न्यायालय ले जाया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

टीम के साथ गश्‍त पर थे थानाध्‍यक्ष

थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद अपनी टीम के साथ सुबह गश्त पर थे। किन्नरपट्टी गांव के झरना नाले के समीप बाइक सवार संदिग्ध को पुलिस ने रोका तो वह भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ कर तलाशी ली तो बाइक की डिक्की में झोले में रखा तीन किलो गांजा मिला। तस्कर की पहचान अमित यादव निवासी सोना भवानी थाना ठकरहां जिला पश्चिमी चंपारण बिहार के रूप में हुई।

chat bot
आपका साथी