पराली जलाने के आरोप में आठ किसानों पर मुकदमा, दो लेखपाल निलंबित Gorakhpur News

पराली जलाने के आरोप में आठ किसानों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। यह घटना पहले हुई थी। हलका लेखपालों को इसका पता चल गया था लेकिन तहसील प्रशासन को उन्होंने इसकी जानकारी नहीं दी। इस पर दोनों लेखपालों को निलंबित कर दिया गया है।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 11:30 AM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 11:30 AM (IST)
पराली जलाने के आरोप में आठ किसानों पर मुकदमा, दो लेखपाल निलंबित Gorakhpur News
खेतों में जलाई जा रही है पराली। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। गोला तहसील क्षेत्र में पराली जलाने के आरोप में आठ किसानों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। पराली जलाने की घटना पहले हुई थी। बताते हैं कि हलका लेखपालों को इसका पता चल गया था, लेकिन तहसील प्रशासन को उन्होंने इसकी जानकारी नहीं दी। इसे घोर लापरवाही मानते हुए दोनों लेखपालों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पराली जलाने वाले किसानों पर खेत के रकबा के मुताबिक दो हजार रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना अदा करने की नोटिस जारी की गई है। गोला तहसील क्षेत्र के फरसाड़ निवासी कमलेश, गोड़सरी निवासी राधे, पकड़ी निवासी सुरेंद्र, शुक्लपुरी निवासी शिव शंकर, चिलवा निवासी धर्मनाथ शर्मा, पतरा निवासी रमाशंकर, भैसाव निवासी गिरजा शंकर, मन्नीपुर निवासी रविंद्र राय के विरुद्ध वातावरण को नुकसान पहुंचाने और प्रदूषण फैलाने के आरोप में गोला और बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है।

पराली जलाने की जानकारी थी लेखपालों को

बताते हैं कि पराली जलाए जाने की जानकारी हलका लेखपालों को थी, लेकिन उन्होंने तहसील प्रशासन या अन्य किसी सक्षम अधिकारी को इसकी जानकारी नहीं दी। तहसील प्रशासन को पराली जलाए जाने की जानकारी अन्य माध्यमों से हुई। इसके बाद ही तहसीलदार और उप जिलाधिकारी गोला के निर्देश पर किसानों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ। पराली जलाए जाने की सूचना न देने के आरोप में हलका लेखपाल नंद किशोर और अमित कुमार श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है।

देवरिया में भी हो चुकी है कड़ी कार्रवाई

इस तरह से पिछले दिनों पराली जलाने पर देवरिया के सभी तहसीलों में अभियान चला कर 91 किसानों पर 2.27 लाख रुपये जुर्माना लगा और 1.55 लाख रुपये वसूला गया। वहीं पराली जलाने से रोकने में नाकाम रहने व किसानों को जागरूक न करने पर सदर तहसील के पांच लेखपाल व चार सचिवों को निलंबित कर दिया गया। कृषि विभाग के दो प्राविधिक सहायकों को प्रतिकूल प्रविष्टि व 16 को चेतावनी जारी की गई। इस कार्रवाई से प्रशासन ने पराली जलाने वाले किसानों को सख्त संदेश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।सैटेलाइट के जरिये अबतक जिले के 91 स्थानों पर पराली जलाने की घटनाएं हुई हैं।

chat bot
आपका साथी