Gorakhpur Weather News: बूंदाबांदी ने दो डिग्री गिराया शहर का पारा, ठंड बढ़ी

मौसम विभाग के पैमाने पर चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था जो शनिवार को गिरकर 25.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 12:30 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 12:30 PM (IST)
Gorakhpur Weather News: बूंदाबांदी ने दो डिग्री गिराया शहर का पारा, ठंड बढ़ी
गोरखपुर में हल्‍की बूंदाबादी के बाद पारा नीचे आ गया है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दो दिन से आसमान में जमे बादल शनिवार को जब बूंदाबादी के रूप में जमीं पर आए तो शहर का पारा दो डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और लोगों को तेजी से ठंड बढ़ने का अहसास हुआ। मौसम विभाग के पैमाने पर चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो शनिवार को गिरकर 25. 4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार का न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस था, शनिवार को यह 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

जारी रहेगा तापमान में ग‍िरावट का स‍िलस‍िला

मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के मुताबिक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। बूंदाबादी की वजह से वातावरण साफ होगा। ऐसे में पश्चिमोत्तर के पहाड़ों से आने वाली सर्द पछुआ हवाएं तापमान को गिराने का कार्य करेंगी। बूंदाबादी की वजह कैलाश पांडेय ने उत्तरी पाकिस्तान और पश्चिमी जम्मू-कश्मीर पर बने पश्चिमी विक्षोभ को बताई। उन्होंने बताया कि पश्चिमोत्तर से दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक एक निम्न वायुदाब क्षेत्र बना हुआ था। ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ जैसे ही तिब्बत की ओर बढ़ा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश शुरू हो गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश पर इसका असर बूंदाबादी के रूप में दिखा।

सुबह से ही खिली धूप, हवा हुई सर्द

शनिवार की हल्की बूंदाबादी का नतीजा रविवार की सुबह देखने को मिला। आसमान साफ हुआ तो धूप खिल गई। हालांकि गर्मी बढ़ाने में सर्द हवा आड़े आ रही हैं। वातावरण साफ हुआ है तो पश्चिमोत्तर से सर्द हवाओं की आवक तेज हो गई। यह हवाएं आने वाले दिनों में तापमान को और गिराने का काम करेंगी। मौसम विज्ञानी के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

chat bot
आपका साथी