जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों ने ली शपथ

संतकबीर नगर डीएम दिव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष ब

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Jul 2021 06:15 AM (IST) Updated:Tue, 13 Jul 2021 06:15 AM (IST)
जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों ने ली शपथ
जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों ने ली शपथ

संतकबीर नगर: डीएम दिव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव व सभी जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दरम्यान खलीलाबाद के भाजपा विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे के अलावा कुछ भाजपाई और तमाम सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक व जिला पंचायत अध्यक्ष को बारी-बारी से लोगों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। कलेक्ट्रेट के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजामात किए गए थे। शपथ लेने के बाद अध्यक्ष ने कार्यभार संभाल लिया।

विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे ने कहा कि जनपद के विकास में जिला पंचायत अध्यक्ष व उनके सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता की अपेक्षाओं पर ये खरा उतरेंगे। विकास कार्यों के जरिए लोगों का विश्वास जीतेंगे। सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने कहा कि वह सड़क, बिजली, पानी सहित सभी जरूरी सुविधाएं लोगों को मुहैया कराएंगे। लोगों का जीवन स्तर ऊंचा हो, इसके लिए सार्थक पहल करेंगे। जिला पंचायत सदस्यों के सहयोग से जिले की तस्वीर बदलने का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर सीडीओ अतुल मिश्र, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक कुमार मद्धेशिया, सपा के जिलाध्यक्ष गौहर अली खान, सपा नेता संतोष यादव, शैलेंद्र यादव, आनंद त्रिपाठी के अलावा विभिन्न वार्डों के जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

--

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में दिखा भाजपा और सपा का आपसी प्रेम

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा और सपा का आपसी प्रेम दिखा। खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे को सपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न वार्डों के जिला पंचायत सदस्यों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। वहीं विधायक भी इसमें पीछे नहीं रहे, उन्होंने कुर्सी पर बैठे तमाम सपाइयों व जिला पंचायत सदस्यों को अपने पास बुलाकर उन्हें फूलमाला पहनाया। विधायक के इस आदर-भाव को देखकर ये काफी खुश दिखे।

chat bot
आपका साथी