गोरखपुर में बढ रहे हैं डेंगू के मरीज, जिला अस्पताल में पांच का चल रहा इलाज

जिला अस्पताल में बीते तीन दिनों में पांच नए मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें चार पुरुष और एक महिला है। सभी में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। उनका इलाज चल रहा है। इनमें से एक मरीज की ट्रैवेल हिस्ट्री है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 05:06 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 05:06 PM (IST)
गोरखपुर में बढ रहे हैं डेंगू के मरीज, जिला अस्पताल में पांच का चल रहा इलाज
गोरखपुर में बढ रहे हैं डेंगू के मरीज, जिला अस्पताल में पांच का चल रहा इलाज। प्रतीकात्‍मक फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। जिला अस्पताल में बीते तीन दिनों में पांच नए मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें चार पुरुष और एक महिला है। सभी में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। उनका इलाज चल रहा है। इनमें से एक मरीज की ट्रैवेल हिस्ट्री है।

बिगड गई थी डेंगू से पीडित युवक की हालत

जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों में एक 19 वर्षीय शाहपुर का युवक है, जिसकी किराना की दुकान है। तेज बुखार के साथ ही प्लेटलेट्स काफी गिर गया है। इसके कारण युवक दो दिन पहले डेंगू वार्ड में अचेत हो गया था। डाक्टरों ने उसे गहन निगरानी में 24 घंटे रखा, जिसके बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। चौरी चौरा निवासी महिला भी डेंगू से पीडि़त मिली है। पहले उसका इलाज निजी अस्पताल में हुआ। वहां से हालत बिगडऩे पर जिला अस्पताल में शिफ्ट किया गया। उनके शरीर में प्लेटलेट्स की मात्रा तेजी से कम हो रही थी। अब हालत स्थिर है। राजस्थान के बीकानेर के निजी कंपनी में काम करने वाले चिलुआताल निवासी युवक में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वजन ने उसे बीकानेर से बुलाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

डेंगू की चपेट में आ रहे हैं 20 से 35 वर्ष के बीच के सर्वाधिक लोग

फिजिशियन डा.राजेश कुमार ने बताया कि डेंगू से पीडि़त होने वालों में ज्यादातर की उम्र 20 से 35 वर्ष के बीच है। सिर्फ एक महिला भर्ती है जिसकी उम्र 45 वर्ष है। डेंगू से जूझ रहे लोगों की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। अस्पताल में डेंगू मरीजों की वजह से दूसरों को परेशानी ना हो। इसके कारण अस्पताल में अलग वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड के आने-जाने के रास्ते भी सामान्य मरीजों से अलग है। वार्ड पूरी तरह से कवर है। इसके बावजूद एहतियातन मरीजों को म'छरदानी में रखा जा रहा है।

खतरे से बाहर है मरीजों की हालत

जिला अस्‍पताल के प्रमुख चिकित्‍सा अधीक्षक डा. एससी श्रीवास्‍तव ने बताया कि अस्पताल में पांच मरीज भर्ती है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। अस्पताल में पर्याप्त दवाएं हैं। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिल रहा है।

19597 लोगों को लगाया गया कोरोनारोधी टीका

कोविड टीकाकरण अभियान में मंगलवार को 223 बूथों पर 19597 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। 6351 लोगों को पहली व 13246 को दूसरी डोज दी गई। बूथों पर अपेक्षा के अनुरूप भीड़ कम पहुंची।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है। टीकाकरण से वंचित लोग टीका लगवा लें। भीड़ नहीं हो रही है, इसलिए लाइन नहीं लगानी पड़ेगी।

चार दिन बाद मिला एक कोरोना संक्रमित

जिले में मंगलवार को 24 घंटे में एक संक्रमित मिला है। इसके पूर्व 21 अक्टूबर को एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। संक्रमित युवक की उम्र 19 वर्ष है और खोराबार का रहने वाला है। उसकी कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में अब तक 59431 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 58578 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। वहीं 848 की मौत हो चुकी है। अभी पांच सक्रिय मरीज हैं।

chat bot
आपका साथी