एक साथ किशोर व युवक की मौत, कोई सर्पदंश तो कोई हत्या की जता रहा आशंका

बेलघाट के ग्राम पंचायत भरसी के टोला चौड़िया मसान में सर्पदंश से चार वर्षीय बालक श्रीराम व 21 वर्षीय युवक विक्की की मौत हो गई। बालक चौड़िया मसान के ही रामहित का पुत्र था जबकि युवक सिकरीगंज के महदेवा के बेलदारी टोला का निवासी था।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 06:45 AM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 06:45 AM (IST)
एक साथ किशोर व युवक की मौत, कोई सर्पदंश तो कोई हत्या की जता रहा आशंका
बेलघाट में रहस्यमय परिस्थितियों में दो लोगों की मौत। प्रतीकात्मक तस्वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : बेलघाट के ग्राम पंचायत भरसी के टोला चौड़िया मसान में सर्पदंश से चार वर्षीय बालक श्रीराम व 21 वर्षीय युवक विक्की की मौत हो गई। बालक चौड़िया मसान के ही रामहित का पुत्र था, जबकि युवक सिकरीगंज के महदेवा के बेलदारी टोला का निवासी था। रामहित, विक्की के रिश्तेदार थे। बालक के पिता ने आशंका जताई है कि दोनों मौतें सर्पदंश से हुई हैं। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक साथ सोए थे श्रीराम व विक्की

विक्की बुधवार को रामहित के घर आये हुए थे। रात में विक्की व रामहित का सबसे छोटा पुत्र श्रीराम एक साथ सोए थे। बगल में अलग-अलग चारपाई पर रामहित की मां, उनकी साली कंचन व रामहित सोए हुए थे। सुबह करीब चार बजे श्रीराम की हालत बिगड़ने लगी। श्रीराम को अचानक उल्टी-दस्त होने लगी। स्वजन आनन-फानन उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलघाट लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामहित घर लौटे तो देखा कि विक्की की भी मौत हो चुकी है। उन्होंने इसकी सूचना बेलघाट थाना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामहित ने आशंका जताई है कि दोनों मौते सर्पदंश से हुई हैं।

विक्की की मां लगा रही हत्या का आरोप

विक्की की मां कौशल्या ने आरोप लगाया है कि उसके पुत्र की हत्या की गई है। उसकी एक युवती से दोस्ती थी। उसी ने विक्की को फोन करके रामहित के घर बुलाया था और उसे जहरीला पदार्थ देकर मार दिया।

छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था श्रीराम

श्रीराम अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

दोनों के हाथ-पैर हो गए थे पीले, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगी स्थिति

बेलघाट के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि बच्चे के पिता दोनों मौतों की वजह सर्पदंश बता रहे हैं। दोनों के हाथ-पैर पीले हो गए थे। दोनों के शरीर पर कहीं चोट व कटे के निशान नहीं है। विक्की व बच्चे के मुंह से झाग निकलता पाया गया है। विक्की की मां ने जो आरोप लगाया है, उस पर भी जांच की जा रही है। अभी स्पष्ट रूप से नहीं कुछ बताया जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। यह हत्या का मामला होता तो बालक की मौत कैसे हुई। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी