Gorakhpur Weather News: चक्रवाती तूफान टाक्टे ने बदला मौसम का मिजाज, पूर्वांचल में बारिश के आसार

​​​​​Gorakhpurweatherforecast गुजरात के तट पर टकराने की बाद चक्रवाती तूफान टाक्टे ने समुद्र के बाद अब धरातल पर अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। गुजरात राजस्थान होते हुए तूफानी हवाएं जम्मू से लेकर नेपाल तक पहुंच रही हैं। इसके चलते गोरखपुर में भी बारिश के आसार बन रहे हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 12:02 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 03:47 PM (IST)
Gorakhpur Weather News: चक्रवाती तूफान टाक्टे ने बदला मौसम का मिजाज, पूर्वांचल में बारिश के आसार
चक्रवाती तूफान टाक्टे के कारण गोरखपुर में बारिश का माहौल बन रहा है। - जागरण

गोरखपुर, जेएनएन। अरब सागर में आए चक्रवाती तूफान टाक्टे का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी दिखने लगा है। बादलों के पीछे सूरज और आसमान दोनों छुप गए हैं। नम हवाएं उमस भरी गर्मी की वजह बन रही हैं। इन वायुमंडलीय परिस्थितियों के चलते मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्से में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जता रहे हैं। बारिश के दौरान 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवाएं भी चल सकती हैं।

नेपाल तक पहुंची तूफानी हवाएं

मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि गुजरात के तट पर टकराने की बाद चक्रवाती तूफान टाक्टे ने समुद्र के बाद अब धरातल पर अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। गुजरात, राजस्थान होते हुए तूफानी हवाएं जम्मू से लेकर उत्तराखंड और नेपाल तक पहुंच रही हैं। इसके चलते राजस्थान से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में एक निम्न वायुदाब क्षेत्र की पट्टी बन गई है। उधर जम्मू के ऊपर दो दिन पहले से बन रहा पश्चिमी विक्षोभ भी अब सक्रिय हो गया है। यह परिस्थितियां गरज-चमक के साथ बारिश के लिए अनुकूल हैं। बारिश का माहौल बनने भी लगा है। आसमान में जमे घने बादलों को देखकर इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

अधिकतम तापमान में होगी गिरावट 

पूर्वानुमान है कि मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर तेज हवा के बीच बूंदाबादी हो सकती है। बुधवार और गुरुवार को तो पूर्वी उत्तर प्रदेश के 50 से 70 फीसद हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार बुधवार को 5 से 10 मिलीमीटर बारिश का अनुमान है जबकि गुरुवार को 20 से 25 मिलीमीटर के आसपास बारिश हो सकती है। ऐसे में अधिकतम तापमान में गिरावट होने का पूर्वानुमान है। यह 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहेगा। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज नहीं की जाएगी। इसके 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी