राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
सभी एकत्रित होकर मुख्य तिराहे पर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी देने की मांग करने लगे।
महराजगंज: हाथरस की तरफ बढ़ रहे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार की शाम शहर के मुख्य तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए विरोध जताया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश पाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पहले कार्यालय पर बैठक की। इसके बाद सभी एकत्रित होकर मुख्य तिराहे पर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी देने की मांग करने लगे। कोतवाली पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को हटाने का कार्य किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश पाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों, महिलाओं के हक की लड़ाई व पीड़ित परिवार से मिलने हाथरस जा रहे थे, लेकिन सरकार के कुचक्र के कारण उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके विरोध में हम लोगों ने भी गिरफ्तारी देने का फैसला किया है। इस मामले में सदर पुलिस उपाधीक्षक राजू कुमार साव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने समझा बुझाकर शांत करा दिया है। किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस दौरान प्रदेश सचिव देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव,इनायत खान,हनुमान प्रसाद, रामप्रताप सिंह, प्रभाकर द्विवेदी, वसी अहमद खान, आद्या प्रसाद खरबार, रेनू गुप्ता, कुंज बिहारी निषाद, रामसूरत, जितेंद्र यादव, इबरार, रामेश्वर, अशोक मद्धैशिया आदि उपस्थित रहे।
कांग्रेसियों ने फूंका पुतला
महराजगंज: हाथरस की घटना के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के परसिया चौराहे पर पुतला फूंककर रोष व्यक्त किया। मो.रिजवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार पूरी तरह से प्रदेश में अपराध को रोकने में नाकाम है। इस दौरान अविनाश, आनन्द कनौजिया, मानव, मनोज सिंह, बृजेन्द्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।