UP Assembly Elections 2022: टिकट के ल‍िए कांग्रेस में शुरू हुई दावेदारी, महाराष्‍ट्र के मंत्री गोरखपुर में ले रहे 'इंटरव्‍यू'

UP Assembly Elections 2022 यूपी व‍िधान सभा का कांग्रेस से ट‍िकट लेने के ल‍िए साक्षात्कार में बड़ी संख्या में महिला दावेदार पहुंचीं। दोनों मंडल की 41 विधानसभा सीटों से 70 महिलाओं ने दावेदारी पेश की है। महराष्ट्र के शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने गोरखपुर-बस्ती मंडल के दावेदारों का साक्षात्कार लिया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 06:30 AM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 08:31 AM (IST)
UP Assembly Elections 2022: टिकट के ल‍िए कांग्रेस में शुरू हुई दावेदारी, महाराष्‍ट्र के मंत्री गोरखपुर में ले रहे 'इंटरव्‍यू'
UP Assembly Elections 2022: व‍िधान सभा चुनाव के ल‍िए कांग्रेस में दावेदारी शुरू हो गई है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। UP Assembly Elections 2022: कांग्रेस पार्टी में विधानसभा चुनाव 2022 में चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। सोमवार को सर्किट हाउस में मौजूद कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की सदस्य एवं महराष्ट्र सरकार में शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने गोरखपुर-बस्ती मंडल के दावेदारों का साक्षात्कार लिया। बड़ी संख्या में आए कांग्रेस नेताओं न अपने सकारात्मक पक्ष बताकर टिकट के लिए दावेदारी पेश की। स्क्रीनिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर राज्य स्तरीय कमेटी टिकट बंटवारे पर अंतिम फैसला करेगी। कमेटी की ओर से नेताओं के संघर्ष, जीत की योजना आदि को लेकर सवाल पूछे गए।

गोरखपुर-बस्ती मंडल के कांग्रेसियों ने पेश की टिकट की दावेदारी

टिकट के दावेदारों के दावों की मजबूती परखने के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की सदस्य गोरखपुर आयी हैं। गोरखपुर-बस्ती मंडल की 41 विधानसभा क्षेत्रों के दावेदारों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया गया। गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती एवं सिद्धार्थनगर जिलों के सभी दावेदारों से एक-एक कर साक्षात्कार लिया गया। साक्षात्कार के दौरान राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, पूर्वी जोन की अध्यक्ष सहला अहरारी, जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, डा. अविनाश पति त्रिपाठी, अनिल सोनकर आदि मौजूद रहे।

महिलाओं की भी रही दावेदारी

साक्षात्कार के लिए बड़ी संख्या में महिला दावेदार भी पहुंचीं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने की घोषणा की है। इस घोषणा का असर सोमवार को नजर आया। दोनों मंडल की 41 विधानसभा सीटों से 70 महिलाओं ने दावेदारी पेश की है। कई महिलाएं घूंघट में साक्षात्कार के लिए आयी थीं।

जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए आए 68 दावेदार

साक्षात्कार के दौरान जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए 68 लोगों ने दावेदारी पेश की है। गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा सीट पर 10-10 दावेदारों ने आवेदन किया है। वहीं कैम्पियरगंज से आठ, पिपराइच से सात, सहजनवां से आठ, खजनी से सात, चौरीचौरा से पांच, बांसगांव से आठ और चिल्लूपार से चार दावेदारों ने आवेदन किया है।

चुनाव के वक्त आ रही भूमि पूजन, शिलान्यास की याद

स्क्रीनिंग कमेटी की सदस्य वर्षा गायकवाड ने कहा कि प्रदेश सरकार को चुनाव के वक्त भूमि पूजन एवं शिलान्यास की याद आयी है। जनता इस कार्य को अच्छी तरह से समझ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को झूठे वादों से लुभाया नहीं जा सकता है। चुनाव में इसका असर साफ नजर आएगा। प्रदेश की भाजपा सरकार की इन नीतियों को समझने के बाद अब लोगों को कांग्रेस पार्टी से काफी उम्मीद जगी है।

chat bot
आपका साथी