सक्षम व समर्थ लोग दिव्यांगों की मदद के लिए आएं आगे, उनका सम्मान करें

दिव्यांग जन हमारे समाज का हिस्सा हैं। उनकी भावनाओं को समझते हुए उनका सम्मान व मदद करने की जरूरत है। सक्षम व समर्थ लोगों को दिव्यांगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। यह बातें एम्स की कार्यकारी निदेशक डा. सुरेखा किशोर ने कही

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 02:39 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 02:39 PM (IST)
सक्षम व समर्थ लोग दिव्यांगों की मदद के लिए आएं आगे, उनका सम्मान करें
सक्षम व समर्थ लोग दिव्यांगों की मदद के लिए आएं आगे, उनका सम्मान करें। प्रतीकात्‍मक फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दिव्यांग जन हमारे समाज का हिस्सा हैं। उनकी भावनाओं को समझते हुए उनका सम्मान व मदद करने की जरूरत है। सक्षम व समर्थ लोगों को दिव्यांगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। यह बातें एम्स की कार्यकारी निदेशक डा. सुरेखा किशोर ने कही। वह विश्व दिव्यांग जन दिवस पर शुक्रवार को एम्स में आयोजित संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।

बाल रोग विशेषज्ञ ने भेंट की किताब

विशिष्ट अतिथि बाल रोग विशेषज्ञ डा. दिव्या सिंह ने कहा कि सड़क हादसे में हाथ और पैर की शक्ति मैं खो चुकी थी, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। हौसले के बल पर पुन: अपनी चिकित्सा सेवा शुरू की। उन्होंने अपनी पुस्तक ''''गर्ल विथ विंग्स आन फायर'''', कार्यकारी निदेशक को भेंट की। डा. सुरेखा किशोर ने डा. दिव्या सिंह को सम्मानित किया। इस अवसर पर डा. अमित रंजन, डा. एचएस जोशी, डा. विवेक मिश्रा, डा. हीरा भल्ला, डा. आनंद मोहन दीक्षित आदि मौजूद रहे।

दिव्यांग बच्चाें ने दिखाई प्रतिभा, पुरस्कृत हुए

विश्व दिव्यांग जन दिवस पर शुक्रवार को समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास पुनर्वास एवं दिव्यांग जन सशक्तीकरण केंद्र (सीआरसी) के तत्वावधान में रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। रैली सीआरसी परिसर से शुरू होकर महाराणा प्रताप इंटर कालेज तक गई और वहां से एसपी आवास होते हुए पुन: सीआरसी में आकर समाप्त हुई।

पोस्‍टर का हुआ विमोचन

इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में अभिभावकों को दिव्यांग बच्चाें की देखरेख के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों व अभिभावकों के बीच में म्यूजिकल चेयर व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास हेल्पलाइन किरण के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। मुख्य अतिथि उप श्रमायुक्त अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगों में प्रतिभा की कमी नहीं है, उसे पहचान कर समाज के सामने लाने की जरूरत है। विशिष्ट अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय के डा. गोपाल प्रसाद, आइएमए अध्यक्ष डा. शिव शंकर शाही, रेलवे विशेष सुरक्षा बल की प्राचार्य एचएस द्विवेदी, अक्षय पात्र फाउंडेशन के दुर्गेश पांडेय ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

म्‍यूजिकल चेयर प्रतियोगिता

दिव्यांग बच्चों की म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में कृष्णा प्रताप सिंह प्रथम, अंशु गुप्ता द्वितीय तथा श्लोक पांडे ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अभिभावकों के लिए आयोजित इसी प्रतियोगिता में बबली प्रजापति ने प्रथम, श्वेता वर्मा ने द्वितीय तथा रितु प्रिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नृत्य प्रतियोगिता में सभी ने मिलकर समूह नृत्य किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा उन्हें पोषण किट प्रदान की गई। अतिथियों का स्वागत समन्वयक रवि कुमार व संचालन प्राध्यापक राजेश कुमार ने किया।

chat bot
आपका साथी