कोरोना से बचाव के लिए अब आम लोग खरीद रहे ऑक्सीजन सिलेंडर Gorakhpur News

सतर्कता में आम लोग अब मास्क लगाने हाथ धोने सैनिटाइजर का प्रयोग करने से भी कुछ आगे की कर रहे हैंं। लोग अब सांस के इंतजाम में जुट गए हैं।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Thu, 16 Jul 2020 08:53 PM (IST) Updated:Thu, 16 Jul 2020 08:53 PM (IST)
कोरोना से बचाव के लिए अब आम लोग खरीद रहे ऑक्सीजन सिलेंडर Gorakhpur News
कोरोना से बचाव के लिए अब आम लोग खरीद रहे ऑक्सीजन सिलेंडर Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों और सरकारी सुविधाओं की सीमा को देखते हुए लोग अपने स्तर पर ही सतर्कता बरतने लगे हैं। यह सतर्कता मास्क लगाने, हाथ धोने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने से भी कुछ आगे की है। लोग अब सांस के इंतजाम में जुट गए हैं। जी हां! पिछले करीब 10 से 15 दिनों में कई लोगों ने अपने घर पर रखने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदा है। लगभग रोज ही ऑक्सीजन उत्पादन करने वाली फर्म के कार्यालय जाकर लोग इसके बारे में पूछताछ भी कर रहे हैं।

शहर में कोरोना मरीजों की देखभाल की दृष्टि से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस महामारी का खौफ इतना बढ़ गया है कि निजी अस्पताल मरीजों को भर्ती करने से कतरा रहे हैं। भर्ती के बाद यदि सांस की समस्या नजर आ रही है तो उसे डिस्चार्ज करने में तनिक भी देर नहीं लगा रहे हैं। ऐसी स्थिति में मरीज के साथ-साथ परिजनों को दुर्दशा झेलनी पड़ रही है।

कम खर्च में हो रही व्यवस्था

सांस के मरीजों को निजी अस्पताल भर्ती तो नहीं कर रहे लेकिन कुछ अस्पताल घर पर ऑक्सीजन सिलेंडर लगाने की सलाह जरूर दे रहे हैं। सिलेंडर पाइप व ऑक्सीजन मास्क सहित पांच से छह हजार में मिल रहा है। कम खर्च में ही लोग खतरे से निपटने की तैयारी कर ले रहे हैं।

आसान है इस्तेमाल

शुरुआत में ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने पहुंचे लोग दिल्ली-मुंबई में रहने वाले अपने जानने वालों की सलाह पर आए थे लेकिन धीरे-धीरे इसको लेकर जागरूकता फैलने लगी। लोग यह इंतजाम करने में जुट गए हैं ताकि किसी आपात स्थिति में उन्हें एम्बुलेंस में मरीज लेकर भटकना न पड़े। फर्म के तकनीकी कर्मचारी ऑक्सीजन लगाने का सरल तरीका भी बता रहे हैं। उनके अनुसार प्रतिदिन दो से चार सिलेंडर की बिक्री है।

लोग घरों पर ऑक्सीजन रखने को लेकर ले रहे जानकारी

चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के महासचिव एवं उद्यमी प्रवीण मोदी का कहना है कि लोग घरों पर ऑक्सीजन रखने को लेकर जानकारी ले रहे हैं। इन्हीं में से कुछ लोग रोज सिलेंडर ले भी जा रहे हैं। बड़े शहरों में यह चलन है। इसका इस्तेमाल आसानी से किया जा सकता है। हम कोरोना व जेई को देखते हुए सिलेंडर का उत्पादन बढ़ाएंगे। फर्म ने सैनिटाइजर की मांग भी पूरी की है।

chat bot
आपका साथी