मुख्‍यमंत्री ने कहा-एक दिन में 25 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्‍य सिर्फ टीम वर्क का नतीजा Gorakhpur News

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है एक दिन में 25 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्‍य टीम वर्क से संभव हो पाया है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 09:45 AM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 05:23 PM (IST)
मुख्‍यमंत्री ने कहा-एक दिन में 25 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्‍य सिर्फ टीम वर्क का नतीजा Gorakhpur News
मुख्‍यमंत्री ने कहा-एक दिन में 25 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्‍य सिर्फ टीम वर्क का नतीजा Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। वन महोत्सव अभियान के तहत एक दिन में 25 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। गोरखनाथ मंदिर में पौधारोपण के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि यह जज्बे और टीम वर्क से ही संभव हो सका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान की जारी रखने की अपील भी की, साथ ही उम्मीद जताई कि इस सत्र में पौधारोपण का आकड़ा 35 करोड़ तक पहुंचेगा।

सभी के सहयोग से पूरा हुआ लक्ष्‍य

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में हमने पांच करोड़ पौधों को रोपने में सफलता पाई थी, 2018 में यह संख्या बढ़कर 11 करोड़ हो गई। 2019 में एक दिन 22 करोड़ पौधे लगाने का विश्व रिकार्ड बना था और इस वर्ष एक दिन में करीब 26 करोड़ पौधों को रोपने में सफलता हासिल हुई है। कोरोना संकट के चलते बच्‍चों और वृद्धों को इस अभियान से दूर रखा गया था, बावजूद इसके लक्ष्य से अधिक हुए पौधारोपण के लिए मुख्यमंत्री ने वन विभाग के साथ-साथ प्रदेश सरकार के सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं व संगठनों के प्रति आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं से भौतिक सत्यापन कराए जाने पर पता चला है कि बीते वर्ष लगाए 22 करोड़ पौधों में से 95 फीसद पौधे आज भी मौजूद हैं। ऐसा जिओ-टैगिंग की वजह से संभव हो सका है।

कोरोना संकट ने हमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति सतर्क रहने का सबक दिया

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष के पौधारोपण अभियान से गरीबों और किसान सम्मान निधि पाने वाले किसानों को भी जोड़ा गया था। गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले कुपोषण के शिकार लोगों को मुफ्त सहजन के पौधे रोपण के लिए उपलब्ध कराए गए थे, जो पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक हैं। उन्होंने बताया कि गंगा और गोमती नदी के तटवर्ती इलाकों में भी इस अभियान तहत फलदार पौधे लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट ने हमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति सतर्क रहने का सबक दिया हैं। प्रकृति और परमात्मा दोनों के प्रति जागरूक होने का नया संदेश है यह पौधारोपण अभियान। सफलता से अभिभूत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्यावरण के प्रति हम सबकी जवाबदेही है, ऐसे में हर किसी को इस अभियान का हिस्सा बनना होगा। उन्होंने प्रदेश वासियों को गुरु पूर्णिमा की बधाई भी दी।

पूजा-आरती कर सीएम योगी ने लिया गुरु का आशीर्वाद

इसके पूर्व दो दिवसीय दौरे पर रविवार को गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले श्रीनाथजी यानी नाथपंथ के आदिगुरु बाबा गोरखनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना की, आरती उतारी। दरबार में जल रही अखंड ज्योति का भी पूजन किया। गुरु पूजा के क्रम में मुख्यमंत्री बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर बारी-बारी से महायोगी गंभीरनाथ, योगी ब्रह्मनाथ, नौमीनाथ और महंत दिग्विजयनाथ के समाधि स्थल पर गए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर गए। वैदिक मंत्रो'चार के बीच उनकी चरण-वंदन की। माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और आशीर्वाद लिया। पूजा कार्य मंदिर के प्रधान पुरोहित रामानुज त्रिपाठी वैदिक, डॉ.अरङ्क्षवद चतुर्वेदी, डॉ.रंगनाथ तिवारी और नित्यानंद तिवारी ने संपन्न कराया। गुरु पूर्णिमा की परंपरागत आनुष्ठानिक गुरु पूजा गोरक्षपीठाधीश्वर की नामौजूदगी में प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने अन्य नाथपंथी साधु-संतों के साथ की। वैदिक अनुष्ठान के बाद श्रीनाथजी को मंदिर के विशेष प्रसाद रोट का भोग लगाया। नाथपंथ के संतों और पुजारियों ने अपने-अपने गुरु की चरण वंदना की। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की दोपहर महाराणा प्रताप (एमपी) पॉलीटेक्निक परिसर में आम का पौधा रोपा।

chat bot
आपका साथी