देवरिया में बोलेे सीएम योगी आदित्यनाथ, कोरोना में होम आइसोलेशन में रहे बुआ-बबुआ, भाई-बहन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में डेढ़ साल तक सपा बसपा और कांग्रेस के लोग होम आइसोलेशन में थे। अगर उनके कार्यकाल में कोरोना संक्रमण होता तो बबुआ-बुआ चाचा-भतीजा और भाई-बहन भाग गए होते।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण काल के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए काम बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के मायने बताए और विपक्ष पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में डेढ़ साल तक सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग होम आइसोलेशन में थे। अगर उनके कार्यकाल में कोरोना संक्रमण होता तो बबुआ-बुआ, चाचा-भतीजा और भाई-बहन भाग गए होते, लेकिन उस वक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से हम बाहर निकले। सरकार ने लोगों की सुरक्षा का उपाय किया। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों की सेवा में जुटे। सोचिए, अगर इनकी सरकार होती तो क्या हाल होता।
देवरिया में 200.92 करोड़ रुपये के 412 कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण
मुख्यमंत्री देवरिया के भाटपाररानी में रघुराज सिंह इंटर कालेज, बहियारी बघेल परिसर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने 200.92 करोड़ के 412 कामों का शिलान्यास-लोकार्पण व पूर्व विधायक रघुराज सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक प्रदेश में 15.84 करोड़ लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है। बबुआ घर में वैक्सीन लगवाते हैं और दूसरों को भड़काते हैैं, लेकिन हम किसी के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। डबल इंजन की सरकार विकास की सोच के साथ काम कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में काम किया है। आजादी के 70 वर्ष पहले तक प्रदेश में केवल 12 मेडिकल कालेज थे, लेकिन भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में 33 नए मेडिकल कालेज बनाए जा रहे हैं।
दुर्भाग्य से अगर पूर्व की सरकारों में कोरोना का संकट आया होता तो बाप-बेटे भाग गए होते, बुआ-बबुआ लापता हो गए होते, भाई-बहन का कहीं पता नहीं चलता और जनता तड़प रही होती। लेकिन भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के साथ थी। - Yogi Adityanath (@myogiadityanath) 28 Nov 2021
संक्रमण काल में भाजपा कार्यकर्ता बाहर निकले और लोगों की सेवा की
योगी ने कहा कि हर जिले में मेडिकल कालेज की व्यवस्था की जा रही है। गोरखपुर में एम्स की स्थापना की गई है। कोरोना काल में युवाओं को घर में पढ़ाई करने में तकलीफ हुई, इसलिए सरकार ने मेडिकल, इंजीनियरिंग एवं अन्य स्नातक कक्षाओं में पढऩे वाले एक करोड़ छात्रों को अगले महीने से स्मार्टफोन व टेबलेट देने जा रही है। अगले महीने से यह बंटना शुरू हो जाएगा। प्रदेश में अभी तक 1.61 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया गया है। सीएम योगी ने कहा कि जिस देवरिया और कुशीनगर को चीनी का कटोरा कहा जाता था, सपा-बसपा के शासनकाल में वहां की चीनी मिलें औने-पौने दाम में बेच दी गईं। अब वहां नई चीनी मिल लगाई जाएगी। जिला प्रशासन को भूमि की तलाश करने के निर्देश दे दिए गए हैैं।
सपा, बसपा, कांग्रेस को बुरा लगा रहा माफिया पर बुलडोजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने तो माफिया और भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा देने का काम किया। चाचा-बबुआ के जमाने में दंगा होता था। अब माफिया की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चल रहा है, जो सपा, बसपा व कांग्रेस को बुरा लग रहा है। सपा को विकास, बिजली व शिक्षा विरोधी बताते हुए कहा कि उनके पास विकास का समय था, लेकिन अपना घर भरने से फुर्सत नहीं मिलती थी। चाचा-भतीजा परिवार में उलझे थे। गरीबों के हक पर डकैती डालते थे। वहीं, भाजपा शासनकाल में शहर से देहात तक सभी को निर्बाध बिजली दी जा रही है। बिना भेदभाव विकास हो रहा है। होली तक गरीबों को मुफ्त राशन दिया जाएगा।