बाढ़ पीडि़तों की सहायता को लेकर सख्‍त हुए सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ, कहा- तेज करें बाढ़ राहत कार्य

मुख्यमंत्री के पूछने पर गोरखपुर के जिलाधिकारी ने उन्हें बाढ़ राहत के लिए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ राहत कार्यों को और तेज किया जाए तथा पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री पीड़ितों तक पहुंचायी जाए।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 08:30 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 08:30 AM (IST)
बाढ़ पीडि़तों की सहायता को लेकर सख्‍त हुए सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ, कहा- तेज करें बाढ़ राहत कार्य
संतकबीर नगर में एक कार्यक्रम में सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ राहत कार्यों, जल भराव वाले क्षेत्रों की स्थिति एवं विकास परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ राहत कार्यों को और तेज किया जाए। अधिक से अधिक राहत सामग्री बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचायी जाए।

अध‍िकार‍ियों के साथ बैठक कर द‍िया न‍िर्देश

संतकबीरनगर से आने के बाद मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की। उसके बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री के पूछने पर जिलाधिकारी ने उन्हें बाढ़ राहत के लिए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ राहत कार्यों को और तेज किया जाए तथा पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री पीड़ितों तक पहुंचायी जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद बीमारियों की आशंका रहती है इसलिए पहले से ही उपाय कर लिए जाएं। गांवों में साफ-सफाई एवं छिड़काव का काम तेजी से किया जाए।

जलभराव वाले क्षेत्रों में छिड़काव का द‍िया न‍िर्देश

गोरखपुर शहर में जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जहां से पानी निकल गया है, वहां साफ-सफाई की जाए और छिड़काव किया जाए। जल जनित बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए सभी तैयारी कर ली जाए। मेडिकल रोड पर बने नाले में जल निकासी की व्यवस्था की भी उन्होंने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।

मुख्यमंत्री ने एक-एक कर गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग, गोरखपुर-देवरिया, जेल बाईपास रोड, नौसढ़-पैडलेगंज, जंगल कौड़िया-मोहद्दीपुर एवं मेडिकल कालेज रोड के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय से पूरा किया जाए। अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ चर्चा की।

chat bot
आपका साथी