सफाई बदहाल, पानी की आपूर्ति का इंतजार, सिल्ट से भरी हैं नालियों, गलियों में पसरा है कूड़ा

लखनऊ को जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों पर फैले वार्ड नंबर 46 दाउदपुर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। वार्ड में लगातार नागरिकों की संख्या बढ़ रही है लेकिन वर्षों पहले निर्धारित 35 सफाईकर्मियों का मानक नहीं बढ़ा।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Thu, 11 Nov 2021 12:32 PM (IST) Updated:Thu, 11 Nov 2021 12:32 PM (IST)
सफाई बदहाल, पानी की आपूर्ति का इंतजार, सिल्ट से भरी हैं नालियों, गलियों में पसरा है कूड़ा
दाउदपुर वार्ड में सडक पर पसरा गंदा पानी। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। लखनऊ को जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों पर फैले वार्ड नंबर 46 दाउदपुर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। वार्ड में लगातार नागरिकों की संख्या बढ़ रही है लेकिन वर्षों पहले निर्धारित 35 सफाईकर्मियों का मानक नहीं बढ़ा। और तो और मानक से भी सात सफाईकर्मी कम काम कर रहे हैं। गलियों में कूड़ा पसरा है तो नालियां सिल्ट से भरी हैं। बारिश में गलियों में जलभराव नागरिकों के लिए हर साल परेशानी का सबब बनता है।

दाउदपुर में ही है नगर विधायक का आवास

कैंट थाना के पिछले हिस्से से दाउदपुर काली मंदिर होते हुए इंदिरानगर और गोपलापुर के कुछ हिस्सों तक वार्ड नंबर 46 का विस्तार है। दाउदपुर में नगर विधायक के आवास तक की सड़क पर हल्की बारिश में घंटों जलभराव रहने के बाद नगर निगम ने सड़क को ऊंचा कराने का काम शुरू कराया है। सड़क पर गिट्टी डालने के साथ ही दोनों तरफ आरसीसी नाली भी बनाई गई है। हालांकि सड़क और नाली ऊंची होने के कारण अगल-बगल की पांच गलियों का पानी निकालने में दिक्कत होनी तय है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालिका होटल के नीचे की सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है। नागरिक काफी समय से सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। इंदिरा नगर समेत वार्ड के पूर्वी हिस्से में अभी जलापूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है।

वार्ड में यह हैं प्रमुख मोहल्ले

दाउदपुर, चारुचंद्रपुरी कालोनी, कैंट थाना की गली, काली मंदिर, सूर्य विहार कालोनी, नहर रोड दाउदपुर, दाउदपुर से दुर्गा मंदिर रोड, रसूलपुर, गोपलापुर आंशिक

क्‍या कहते हैं नागरिक

वार्ड के नागरिक अरविंद कुमार सिंह बताते हैं कि सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। सफाईकर्मी समय से नहीं आते हैं। नालियां सिल्ट से भरी हैं। सफाई के इंतजाम और पुख्ता होने चाहिए। संजय कुमार खरवार बताते हैं कि दाउदपुर की मुख्य सड़क की हालत खराब है। सड़क के बीच में सीवर लाइन के ऊपर रखे गए स्लैब कई जगह टूट गए हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। अजय सिंह ने बताया कि नगर विधायक के आवास की ओर से जाने वाली सड़क पर गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। सड़क को जल्द से जल्द ठीक कराना चाहिए।

नहीं हो पा रही है पानी की आपूर्ति

वार्ड के नागरिक कमलेश आजाद बताते हैं कि आबादी बढऩे के साथ ही पानी की जरूरतें भी बढ़ रही हैं। वार्ड में पानी की आपूर्ति की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जानी चाहिए। वार्ड के पार्षद संजय यादव ने बताया कि सफाईकर्मियों की कमी का मुद्दा कई बार उठा चुका हूं लेकिन कोई सुन नहीं रहा है। कई जगह नाली का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। सपा का पार्षद होने के कारण समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी