जलभराव से भड़के नागरिक, सड़क जाम कर किया जोरदार प्रदर्शन Gorakhpur News

वार्ड नंबर 65 महुई सुघरपुर के फुलवरिया में नागरिकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि तीन साल पहले बनी सड़क के साथ नाली न बनने के कारण जलभराव की समस्या आम हो गई है। कुछ लोगों ने सड़क पर मलबा डाल दिया है।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 11:10 AM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 11:10 AM (IST)
जलभराव से भड़के नागरिक, सड़क जाम कर किया जोरदार प्रदर्शन  Gorakhpur News
जलभराव पर बिफरे महुई सुघरपुर के लोग, किया प्रदर्शन। जागरण

गोरखपुर, जेएनएन : वार्ड नंबर 65 महुई सुघरपुर के फुलवरिया में नागरिकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि तीन साल पहले बनी सड़क के साथ नाली न बनने के कारण जलभराव की समस्या आम हो गई है। कुछ लोगों ने सड़क पर मलबा डाल दिया है। इससे आवागमन पर असर पड़ रहा है। फुलवरिया स्थित नवल्स नेशनल एकेडमी मार्ग को तीन साल पहले बनवाया गया था।

नाली के लिए बजट नहीं मिलने पर शुरू किया विरोध

सीसी सड़क बनाने की शुरुआत हुई तो पता चला कि नाली के लिए बजट नहीं स्वीकृत है। इसका पार्षद समेत नागरिकों ने विरोध शुरू किया। इस कारण एक दिन काम बंद रहा, लेकिन बाद में काम शुरू हो गया। सड़क बनने के बाद इलाके में विकास कार्य की गति तेज हुई। मकान का निर्माण होने लगा तो मिट्टी लदे डंपर और ओवरलोड ट्रक आने-जाने से सड़क पर कीचड़ फैलने लगी। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर पानी इकट्ठा होने लगा। एक स्कूल के सामने सड़क की ऊंचाई कम होने के कारण ज्यादा पानी लगने लगा तो नागरिकों ने मलबा डलवा दिया। इसके बाद से ही इलाके में दिक्कत बढ़ने लगी। इलाके के आशुतोष पांडेय ने बताया कि रुस्तमपुर मुख्य मार्ग से फुलवरिया की तरफ मुड़ते ही नारकीय स्थिति शुरू हो जाती है। कई जगह सड़क खराब हो गई है तो कई जगह मलबा होने के कारण दिक्कत होती है। घरों से निकला पानी भी सड़क पर जमा रहता है। कीचड़ इकट्ठा होने के कारण वाहन फिसल जा रहे हैं। इससे आए दिन कोई न कोई हादसे का शिकार हो रहा है।

जाम की सूचना पर पार्षद ने लोगों से की बात

जाम लगाने की सूचना मिलने पर पार्षद चंद्रप्रकाश सिंह उर्फ गोली सिंह ने नागरिकों से बात की। उन्होंने नागरिकों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। पार्षद ने बताया कि सड़क के साथ नाली न बनने का विरोध किया गया था, लेकिन बाद में नागरिकों ने ही सड़क बनवाने के लिए अनुरोध किया था। नाली और चार गलियों में सड़क बनवाने के लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण के माध्यम से 78 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। धन मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। इस दौरान विनोद साहनी, विवेक शर्मा, रवि त्रिपाठी, अरुण मिश्र, प्रवीण शाही, उत्कर्ष गुप्ता, आरती सिंह, ऊषा पांडेय, सुनीता, प्रमोद साहनी, मनोज मिश्र, अनिल साहनी, बिट्टू, बिपिन, गुड्डू, अभय, लकी, विशाल, श्याम सुंदर आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी