पुलिस चौकी में पाठशाला, बच्चे सीख रहे एबीसीडी, सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस की अनूठी पहल

सिद्धार्थनगर जिले में त्रिलोकपुर थाना की पुलिस चौकी बिस्कोहर कम्यूनिटी पुलिसिंग की राह पर चल पड़ी है। यहां पुलिस कर्मी अपराधियों को पकड़ने के साथ सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। दो कमरे की इस पुलिस चौकी में छोटे बच्चों के अंग्रेजी वर्णमाला की एबीसीडी गूंजती है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 04:43 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 04:44 PM (IST)
पुलिस चौकी में पाठशाला, बच्चे सीख रहे एबीसीडी, सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस की अनूठी पहल
बिस्कोहर चौकी प रिसर में बच्चों को पढ़ाते प्रभारी राजेश शुक्ला। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। सिद्धार्थनगर जिले में त्रिलोकपुर थाना की पुलिस चौकी बिस्कोहर कम्यूनिटी पुलिसिंग की राह पर चल पड़ी है। यहां पुलिस कर्मी अपराधियों को पकड़ने के साथ सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। दो कमरे की इस पुलिस चौकी में छोटे बच्चों के अंग्रेजी वर्णमाला की एबीसीडी गूंजती है। एक साथ करीब 30 बच्चे बैठ कर पढ़ाई करते हैं। इन्हें सभी विषय पढ़ाया जा रहा है।

विद्यालय व मदरसे में है बच्‍चों का नामांकन

हालांकि इनका नामांकन प्राथमिक विद्यालय व मदरसा में भी है। यहां तैनात दो दारोगा अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान व विज्ञान पढ़ाते हैं तो सिपाही हिंदी की क्लास चला रहे हैं। मुख्य आरक्षी सामान्य कानून की जानकारी देते हैं। एसबीआइ बिस्कोहर के दो कर्मचारी गणित पढ़ाते हैं। पुलिस चौकी के कर्मियों ने आपस में चंदा लगाकर ब्लैक बोर्ड खरीदा है।

साहित्‍यकार विश्‍वनाथ त्रिपाठी व पश्चिमी टोले से है बिस्‍कोहर की पहचान

बिस्कोहर कस्बा की पहचान हिंदी के साहित्कार विश्वनाथ त्रिपाठी व पश्चिम टोला की गलियों से है। प्रशासन ने पश्चिम टोला की महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित की है। इन्हें जीवन की मुख्य धारा में लाने काम किया जा रहा है। वहीं पुलिस चौकी ने इस काम में सहयोग प्रदान किया।

रविवार के दिन चलती है बच्‍चों की क्‍लास

वह बच्चों की रविवार व सार्वजनिक अवकाश के दिन समय मिलने पर तीन से चार घंटे तक पढ़ाने का काम कर रही है। बच्चों को नियमित स्कूल जाने के लिए प्रेरित करते हैं। शिक्षा का महत्व बताया जाता है। सुप्रिया, सरोजा, लाली, मंतका, परीबानो, खुशी, लालमन, जोया, विमान, अशरफ, रहमान आदि बताते हैं कि पुलिस अंकल अंग्रेजी पढ़ाते हैं। जब कक्षा समाप्त हो जाती है तो सभी बच्चों को फल में केला व सेब भी देते हैं। कहते हैं इसका सेवन करने से लोग स्वस्थ रहते हैं।

यह चलाते हैं बच्चों की क्लास

बच्चों को पढ़ाने का काम चौकी इंचार्ज राजेश शुक्ला के साथ एसआइ रामप्रभा सिंह, मुख्य आरक्षी उमेश कुमार मिश्रा, रवि प्रताप उपाध्याय, विनोद कुमार यादव, मेराजुद्दीन, आरक्षी अंगद कुमार सिंह, मनोज कुमार विश्वकर्मा, राहुल कुमार, जयहिंद राजभर के साथ एसबीआइ के शाखा प्रबंधक सत्य कुमार व जगत सिंह राणा करते हैं। यह बैंक कर्मी पुलिस चौकी के पास किराए के मकान में रह रहे हैं।

पश्चिमी टोले की पहचान बदलने की कोशिश

प्रभारी चौकी इंचार्ज राजेश शुक्‍ल कहते हैं कि बिस्कोहर कस्बा के पश्चिम टोला की पहचान को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। यहां के बच्चों को शिक्षित बनाने की पहल शुरू की गई है। इसमें एसबीआइ ने भी सहयोग प्रदान किया। बच्चे नियमित पढ़ाई करने के लिए आते हैं। इनके अभिभावक भी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

अनैतिक कार्य रोकने के लिए चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान

पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह कहते हैं कि बिस्कोहर में पुलिस ने सख्ती भी करके देखा है, लेकिन अनैतिक कार्य को पूरी तरह से रोका नहीं जा सका। अब पुलिस ने जागरूकता अभियान संचालित किया है। जिसमें पश्चिम टोला के निवासियों को सामाजिकता बताने के साथ बच्चाें को शिक्षित करने की मुहिम चलाई है। पुलिस के जवान बेहतर सामाजिक कार्य का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी