कल देवरिया आएंगे मुख्यमंत्री

देवरिया में मौसम में बदलाव के चलते चीनी मिल परिसर में बन रहा हेलीपैड।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 11:18 PM (IST) Updated:Fri, 25 Sep 2020 05:10 AM (IST)
कल देवरिया आएंगे मुख्यमंत्री
कल देवरिया आएंगे मुख्यमंत्री

देवरिया, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 सितंबर को दिन में लगभग 12 बजे देवरिया आएंगे। मौसम में बदलाव के चलते उनके कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन किया गया है। अब देवरिया चीनी मिल परिसर में हेलीपैड बनाया जा रहा है। पहले इसे पुलिस लाइन में बनाया गया था।

मुख्यमंत्री के देवरिया आने की आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद देवरिया चीनी मिल परिसर में हेलीपैड आदि का निर्माण शुरू कर दिया गया। टेंट डालकर स्विस काटेज, सेफ रूम आदि बनाया जा रहा है। बारिश से निपटने के लिए जर्मन हैंगर बनाया जाएगा।

दिनभर सफाई कर्मचारी परिसर को साफ करने में जुटे रहे। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अधिकारियों व कर्मचारियों का हाल यह रहा कि बारिश के चलते हवाई चप्पल पहनकर चीनी मिल परिसर में पहुंच रहे थे। ग्राउंड के चारो तरफ बैरिकेडिग का काम दिनभर चलता रहा। बारिश के बावजूद तैयारी होती रही। यहां जिलाधिकारी अमित किशोर, एसपी डा.श्रीपति मिश्र, एएसपी शिष्यपाल, एडीएम प्रशासन राकेश पटेल, उपजिलाधिकारी सौरभ सिंह, एएसडीएम दिनेश मिश्र आदि दिशा -निर्देश देते रहे।

अभी तक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन संभावना है कि जिला अस्पताल व अन्य जगह का दौरा कर सकते हैं। इसको देखते हुए विभागों में तैयारी व रंगाई पोताई युद्ध स्तर पर हो रही है।

जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 सितंबर को देवरिया आएंगे। बारिश के मौसम के चलते शहर में पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की लैंडिग मुश्किल है,इस वजह से स्थान में परिवर्तन किया गया है.। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विस्तृत विवरण अभी नहीं आया है।

chat bot
आपका साथी